अलवर: जिम में घुसकर बदमाशों ने एक्सरसाइज कर रहे टिल्लू जाट को मारी 5 गोलियां, देखें CCTV फुटेज
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी में बुधवार सुबह कार में सवार होकर आए लोगों ने जिम में एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक के शरीर पर पांच गोलियां लगी हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, मगर अभी तक हत्या की वजह पता नहीं चल पाई है। ना ही वारदात को अंजाम देने वालों का सुराग लगा है।

मृतक का साथी भी घायल
मृतक टिल्लू जाट अलवर जिले कोटकासिम का रहने वाला था। फायरिंग में मृतक टिल्लू जाट का एक साथी भी घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर अलवर जिले के भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक डॉ. अमनदीप सिंह कपूर व अन्य अधिकारी मौके पहुंचे। वहां पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी में फुटेज भी खंगाले, जिनमें आरोपी फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

कोटकासिम के जिम में टिल्लू की हत्या
पुलिस के अनुसार टिल्लू जाट रेवाड़ी में प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह बुधवार सुबह आठ बजे कोटकासिम में ही मुख्य रोड पर घर के सामने बने जिम में अपने दोस्तों के साथ एक्सरसाइज करने गया था। तभी मुख्य रोड पर नीले रंग की एक कार जिम से कुछ दूर आकर रुकी। उसमें से चार युवक बाहर निकले और जिम में चले गए। वहां अंदर टिल्लू को देखते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टिल्लू के सिर व अन्य हिस्सों में पांच गोलियां लगी। इससे उसकी जिम में ही मौत हो गई।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
हत्या के बाद चारों बदमाश दौड़ते हुए रोड पर आए। तब तक कार में सवार उनके साथी ने तेजी से कार को घुमाया। इसके बाद चारों बदमाश कार में बैठे और फिर किशनगढ़बास रोड की तरफ भाग गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों ने कोई नकाब नहीं पहन रखा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुट गई है। कार की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। लेकिन शाम तक बदमाशों का पता नहीं चला है।












Click it and Unblock the Notifications