UP Board Exam: 10वीं और 12वीं के छात्राओं को राहत, 5 सितंबर तक बढ़ाई आवेदन की तिथि
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के छात्राओं को राहत दी है। यूपी बोर्ड ने राहत देते हुए 2020 में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ा दिया है। अब परीक्षार्थी पांच सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षार्थियों के विवरण पांच सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि पूर्व में हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि 20 अगस्त तय थी और आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है। बोर्ड द्वारा अधिकारिक आंकड़े भी जारी कर दिए गए हैं जिसके अनुसार ढाई लाख से अधिक परीक्षार्थी इस बार बोर्ड की परीक्षा में कम हो गए हैं। इस संख्या को बढाने के लिये बनाये गये प्लान की जानकारी देते हुये यूपी बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड की समय सारणी संशोधित की गई है। छात्र छात्राएं 100 रुपए का विलंब शुल्क लेकर प्रधानाचार्य के माध्यम से 5 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। जबकि कक्षा 9 व 11 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिये भी रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 5 सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
क्या है इस वर्ष का आंकड़ा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि 10वीं व 12वीं के पंजीकरण की आखिरी तिथि 20 अगस्त थी। रात 12 बजे तक होने वाले पंजीकरण को स्वीकार किया गया है। पंजीकरण समाप्त होने के बाद 2020 की परीक्षा के लिए 55 लाख छात्र-छात्राओं के पंजीकरण का आंकड़ा सामने आया है। इसमे हाईस्कूल में 29 लाख और इंटरमीडिएट में 26 लाख छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 की तुलना में इस बार 12.88 लाख अभ्यर्थी कम हो गये हैं। जबकि पिछले साल यानी 2019 का आंकडा देखे तो कुल 2.88 लाख परीक्षा कम हैं। 2019 के कुल 57.88 लाख आवेदन आये थे।












Click it and Unblock the Notifications