ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने पत्नी को दिया तीन तलाक, किराया न देने पर मकान मालिक ने भी घर से निकाला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को एक युवती एसएसपी आवास पर धरने पर बैठ गई। महिला से जब बात की गई तो उसने रोते हुए अपने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पति की करतूत बयां की। महिला ने बताया कि उसके पति ने पहले तो धोखा देकर उससे शादी की और फिर तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर लिया। अब मकान का किराया न चुका पाने की वजह से मकान मालिक ने भी उसे घर से बाहर निकाल दिया है। इंसाफ के लिए वह कई बार पुलिस से गुहार लगा चुकी है, लेकिन विभाग का मामला होने के कारण पुलिस उसको टरका रही है।

दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर हंजला अंसारी ने करीब दो साल पहले नूरजहां से शादी की थी। हंजला पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने ये बात छिपाकर रखी थी। जब नूरजहां को उसके शादीशुदा होने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। नूरजहां ने इस मामले में पति से बात करनी चाही तो उसने उसको मारा पीटा और तीन बार तलाक कहकर रिश्ता खत्म कर लिया। अब मकान का किराया नहीं देने पर मकान मालिक ने भी उसे घर से बाहर निकाल दिया।
एसएसपी ने कहा- कोर्ट में विचाराधी है मामला
नूरजहां का आरोप है कि इंसाफ के लिए वह कई पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन कहीं से भी उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए वह पूरे सामान के साथ एसएसपी के आवास पर धरने पर बैठ गई। इस मामले में एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का कहना है कि मामला खलीलाबाद कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए पुलिस कोर्ट के बाहर जाकर कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications