प्रयागराज: बिजली विभाग के जेई ने बार-बालाओं के साथ लगाए ठुमके, सस्पेंड हुए
प्रयागराज, 10 मई: यूपी के प्रयागराज में बिजली विभाग के एक जेई को बार-बालाओं के साथ डांस करना भारी पड़ गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधिकारियों तक यह वीडियो पहुंचा तो जांच कराई गई। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद जेई आरपी रजक को सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो 4 मई का बताया जा रहा है।

Recommended Video
अधिशासी अभियंता के ट्रांसफर के मौके पर रखी गई थी पार्टी
जानकारी के मुताबिक, बीते 4 मई को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके के हनुमान वाटिका गेस्ट हाउस में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता राज मंगल सिंह के ट्रांसफर के मौके पर विभाग के लोगों ने मिलकर एक पार्टी का आयोजन किया था। कार्यक्रम में बार बालाओं को भी बुलाया गया था। पार्टी में जेई आरपी रजक बार-बालाओं के साथ डांस करने लगे। इस दौरान वह इस कदर मशगूल हुए कि अपने सिर पर गमछा रखकर बार-बालाओं के साथ जमकर ठुमके लगाए।
वीडियो हुआ वायरल, जेई सस्पेंड
इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वायरल वीडियो के आधार पर जेई आरपी रजक को सस्पेंड करते हुए अवर अभियंता कार्यालय अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय निर्माण खंड द्वितीय कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। बता दें, सस्पेंड हुए जेई आरपी रजक लखनऊ के निवासी हैं। वह कभी टीजीटी 2 पद पर तैनात थे और प्रमोशन के बाद वो जेई बने थे। पहले वे प्रयागराज के कसारी मसारी सब स्टेशन पर तैनात थे। प्रमोशन के बाद उन्हें बमरौली उपखंड से संबद्ध चौफटका पावर हाउस पर तैनात कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications