Maha Kumbh 2025: हेलीकॉप्टर ने तय समय पर श्रद्धालुओं पर नहीं बरसाए फूल, योगी सरकार ने की कार्रवाई, केस दर्ज
Maha Kumbh 2025 : महाकुंभ 2025 के पहले दिन पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा में हुई देरी का मामला तूल पकड़ रहा है। योगी सरकार ने इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए एविएशन कंपनी के सीईओ और पायलट समेत 3 के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इस मामले में यूपी सिविल एविएशन डिपार्टमेंट के परिचालन प्रबंधक केपी रमेश की शिकायत पर महाकुंभ नगर की कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। योगी सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हेलीकॉप्टर को भेजा अयोध्या, हुई समस्या
यूपी सरकार ने एमए हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को महाकुंभ के पहले दिन के स्नान पर्व पर सुबह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन आरोप है कि बिना सूचना दिए कंपनी ने हेलीकॉप्टर अयोध्या भेज दिया, जिसके चलते सुबह के समय श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा नहीं हो सकी।
ऐसे में तत्काल दूसरा हेलीकॉप्टर बुलाया गया लेकिन उसे आने में देरी हुई, जिसके बाद शाम 4 बजे महाकुंभ में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के ऊपर पुष्प वर्षा शुरू हुई। लेकिन सुबह श्रद्धालुओं को इस आयोजन का लाभ नहीं मिल सका। सरकार ने इसे कुंभ मेले की व्यवस्थाओं में बड़ी चूक माना है।
जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
पुष्प वर्षा में देरी पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कंपनी के सीईओ रोहित माथुर, पायलट कैप्टन पुनीत खन्ना और परिचालन प्रबंधक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महाकुंभ पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में कंपनी के लोगों और पायलट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आपको यह भी बता दें कि योगी सरकार पहले से ही यूपी में धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं पर फूल बरसा रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर में भी सावन के महीने में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए। इसके अलावा सरकार ने कांवड़ियों पर भी फूल बरसाए थे।












Click it and Unblock the Notifications