Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में आज फिर आगजनी की घटना, किन्नर अखाड़े के सामने लगे टेंट में लगी आग
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को भी सेक्टर-16 में किन्नर अखाड़ा के सामने एक टेंट में आग लग गई। आग लगने के बाद तत्काल कल्पवासियों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। इस दौरान वॉच टॉवर पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग लगने की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

बताया जा रहा है कि सोमवार को लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया नहीं ताे आग अन्य टेंटों तक नहीं फैल सकती थी। यह भी बता दें कि रविवार शाम को गीता प्रेस गोरखपुर के शिविर में सिलेंडर ब्लास्ट से आग लगी थी, जिसमें कई दर्जन कॉटेज जलकर राख हो गए थे।
हो रही जांच, कैसे लगी आग
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे कल्पवासी टेंट में मौजूद थे। इसी दौरान आग लकने की जानकारी मिली। आग लगने की खबर से आसपास के लोगों में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग के नोडल अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि साेमवार को लगी आग में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है और नुकसान भी सीमित रहा।
बीड़ी, सिगरेट से भी लग सकती है आग
अग्निशमन विभाग ने श्रद्धालुओं और टेंट संचालकों को महाकुंभ के दौरान सुरक्षा गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि आग लगने का कारण बीड़ी, सिगरेट भी हो सकता है।
ऐसे में आग की घटना से लोगों को बचाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा महाकुंभ मेला क्षेत्र में टेंट में रहने वाले लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चला रही है। श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे टेंटों में आग जलाने या धूम्रपान करने से बचें।
अधिकारियों का कहना है कि महाकुंभ को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है। वहीं, मेला क्षेत्र में लगातार आग लगने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल श्रद्धालुओं को सतर्क रहने और आग से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications