पुलवामा हमले में शहीद महेश के परिजन को सरकारी नौकरी देगी इलाहाबाद यूनिवर्सिटी
Prayagraj news, प्रयागराज। पुलवामा में शहीद हुए प्रयागराज जिले के महेश यादव के परिजन को इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही शहीद के परिवार के किसी एक सदस्य को स्नातक से लेकर पीएचडी तक निशुल्क शिक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के कुलपति रतन लाल हांगलू ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी विशेष शक्तियों का प्रयोग कर शहीद के परिवार को यूनिवर्सिटी की ओर मदद दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिये प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और यूनिवर्सिटी की कार्य परिषद में इस प्रस्ताव को पास कर यह मदद शहीद के परिवार को दी जायेगी।

परिजनों से मिला यूनिवर्सिटी प्रशासन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी ओर से पहल भी शुरू कर दी है और विशेषकार्याधिकारी डा. चितरंजन कुमार ने शहीद महेश के पिता राजकुमार यादव और भाई अमरेश से मिलकर यूनिवर्सिटी प्रशासन का प्रस्ताव उनके सामने रखा है। शहीद के परिजनों से कहा गया है कि अगर उनके परिवार का कोई सदस्य चाहे तो इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में उन्हें स्थाई नौकरी दी जायेगी साथ ही अगर उनके परिवार का कोई सदस्य पढ़ाई करना चाहता है तो किसी एक सदस्य की स्नातक से लेकर पीएचडी तक की निशुल्क शिक्षण व्यवस्था का इंतजाम यूनिवर्सिटी की ओर से किया जायेगा। उन्होंने कुलपति की ओर से भेजा गया आश्वासन देने के साथ हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया।

योग्यता अनुसार मिलेगी नौकरी
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के कुलपति रतन लाल के अनुसार शहीद के परिजनों से मिलने और उनकी आर्थिक मदद के लिए अभी तक बहुत से लोग आगे आयें है। लेकिन अभी तक किसी विभाग व सरकारी की ओर नौकरी का प्रस्ताव शहीद के परिजनों को नहीं दिया गया था। चूंकि शहीद यहीं के रहने वाले थे, इसलिये हमारा भी उनके प्रति फर्ज बनता है। यूनिवर्सिटी में शहीद के परिवार के किसी एक सदस्य को उनकी योग्यता के अनुसार स्थानीय नौकरी दी जायेगी। शहीद के परिजनों की ओर से अब नाम भेजने व अन्य औपचारिकता होंगी, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्यपरिषद में प्रस्ताव को पारित कर नौकरी दी जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications