UP News: '72 घंटे के अंदर...', राम की पूजा करने पर मुस्लिम महिला को मिली धमकी, डरा परिवार, जांच में जुटी पुलिस
UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान को परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात शख्स ने उनके घर पर धमकी भरा पत्र फेंका है। मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस से की है।
भाजपा नेत्री की शिकायत पर पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

रिपोर्ट की माने तो धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि बहुत बड़ी राम भक्त बनती हो, 72 घंटे में तुम्हें परिवार सहित जान से मार देंगे। यह भी बता दें कि इसके पहले भी ऐसे कई मामले आ चुके हैं जिसके चलते भाजपा नेत्री का परिवार डरा सहमा है।
दरअसल, रूबी आसिफ खान भारतीय जनता पार्टी जयगंज मंडल की उपाध्यक्ष हैं। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर का उद्घाटन किया जाना है ऐसे में उनके द्वारा उन्होंने अपने घर में भी श्री राम भगवान की पूजा करने की घोषणा की थी।
कहा जा रहा है कि इसी बात को लेकर कुछ लोग नाराज हैं और पूजा में उन लोगों द्वारा विघ्न डाला जा सकता है। भाजपा नेत्री का कहना है कि उनके ऊपर कई बार हमले भी हो चुके हैं। एक बार उन पर गोली भी चल चुकी है, ऐसे में उन्होंने सुरक्षा की भी मांग की है।
भाजपा नेत्री द्वारा यह भी शिकायत की गई कि इसके पहले उनके मोहल्ले में शरारती तत्वों द्वारा पोस्टर लगा दिए गए थे। पोस्ट में लिखा गया था कि यह हिंदू बन गई है इसे पूरे परिवार सहित जिंदा जला दो। अब उसके बाद उनके घर में धमकी भरा पत्र फेंका गया।
इस मामले में भाजपा द्वारा रोरावर थाने की पुलिस से शिकायत की गई है। क्षेत्राधिकारी अभय पांडेय का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी दिखाई दे रहा है उसकी तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications