अलीगढ़ में मीट खरीदने को लेकर हुआ विवाद, जमकर हुई पत्थरबाजी, 2 घायल
अलीगढ़ में मीट खरीदने को लेकर हुआ विवाद, जिसके बाद जमकर दो गुटों में पत्थराबाजी हुई है। इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं। भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में मीट खरीदने को लेकर हुए विवाद में जमकर पत्थरबाजी हुई है। अलीगढ़ के डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कुछ लोग मीट की दुकान पर मीट खरीदने के लिए गए थे, इस दौरान दुकान पर कुछ लोगों के बीच बहस हो गई थी, जिसके बाद पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। डीएम ने बताया कि इस मामले की हर एंगल से हम जांच कर रहे हैं। दुकानदार और ग्राहक अलग-अलग समुदाय के हैं। इस मामले में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हम मामले की जांच कर रहे हैं।
अलीगढ़ के एसपी ने बताया कि शास्त्री गेट और गांधी पार्क के पास सराय सुल्तानी जगह है, यहां पर कुछ लड़कों के बारे में सूचना मिली थी कि दुकान पर ये लोग गए थे। यहां पर किसी बात को लेकर झगड़े की सूचना हमे प्राप्त हुई थी। जिसमे दो लड़के आंशिक रूप से घायल हो गए थे। इस सूचना के मिलने पर तत्काल पुलिस फोर्स यहां पर आई। सीओ और एसएचओ को यहां पर बुलाया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
एसपी ने बताया कि बाद में कुछ अफवाहें भी फैलने की सूचना आ रही थी, जिसके बाद हमने मीडिया को इस बारे में जानकारी दी, लोगों को सोशल मीडिया व्हाट्सएप पर जानकारी दी गई। जो भी इस मामले में दोषी हैं उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications