मृत प्रेमी की फोटो के साथ सात फेरे लेगी विधवा महिला, शादी के कार्ड बांट पुलिस से मांगी सुरक्षा
अलीगढ़। यूपी के अलीगढ़ में एक विधवा महिला ने प्रेमी के फोटो के साथ सात फेरे लेने का फैसला लिया है। 8 नवंबर को कस्बे के बड़ा महादेव मंदिर में प्रेमी के फोटो के साथ सात फेरे लेकर विवाह रचाएगी। महिला ने रिश्तेदारों को शादी का निमंत्रण कार्ड भी दिया है। महिला ने विवाह के दौरान सुरक्षा के लिए एसडीएम से गुहार लगाई है। एसडीएम ने थाना अध्यक्ष अतरौली को सुरक्षा के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला
अतरौली कस्बे के ब्राह्मणपुरी निवासी 37 वर्षीय कविता वर्मा ने बताया कि उसके 4 बच्चे हैं। बीमारी की वजह से पति की 2017 में मौत हो गई थी।पति की मौत के ढाई महीने बाद मोहल्ले में रहने वाले उसके 26 वर्षीय प्रेमी सौरभ वर्मा की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

प्रेमी के साथ जीवनभर रहने की खाई थी कसम
कविता ने कहा कि उसने और सौरभ ने जीवनभर साथ रहने की कसम खाई थी। इसलिए उसने अपने प्रेमी की इच्छा को पूरा करने के लिए प्रेमी के फोटो के साथ विवाह रचाने का निर्णय लिया है। 8 नवंबर को वह कस्बे के बड़ा महादेव मंदिर में प्रेमी सौरभ के फोटो के साथ सात फेरे लेकर विवाह करेगी।

एसडीएम से की सुरक्षा की मांग
इसके लिए उसने कुछ परिवारों और नजदीकी रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड दिया है। महिला ने विवाह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम अतरौली पंकज कुमार से गुहार लगाई है। एसडीएम ने उनके प्रार्थना पत्र पर थाना अध्यक्ष अतरौली को निर्देशित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications