अलीगढ़: प्रेमी युगल ने परिजनों से बताया जान का खतरा, VIDEO वायरल कर मांगी सुरक्षा
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इंटरकास्ट मैरिज करने वाली BJP विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा के प्रकरण के बाद अब अलीगढ़ में भी एक ऐसा मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी युगल ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वायरल वीडियो में प्रेमी युगल ने 10 दिन पूर्व मंदिर में शादी करने का दावा भी किया है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी नेताओं ने प्रेमी युगल को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

प्रेमी युगल ने सोशल मीडिया पर किया वीडियो वायरल
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ में एक प्रेमी युगल ने अपनी जान को खतरा बताते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो में प्रेमी युगल ने पुलिस ने सुरक्षा की गुहार लगाई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अलीगढ़ में हिंदूवादियो ने दर-दर भटकते प्रेमी युगल को क्वार्सी क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर में पकड़ लिया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कस्टडी में सौंप दिया। बताया जा रहा है कि युवती कानपुर देहात की रहने वाली है, जबकि लड़का अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

तीन साल पहले गया था कानपुर
दरअसल, अलीगढ़ का रहने वाला युवक तीन साल पहले अपने दोस्त के साथ कानपुर में काम करने के लिए गया था। वहां वह कॉटन के कपड़े का काम करने लगा। इसी दौरान वहां की रहने वाली युवती निशा से प्रेम प्रसंग हो गया। प्रेमी युगल ने 10 दिन पूर्व देवी मंदिर में शादी करने का दावा किया है। युवक का कहना है उसके परिवार वाले उसे घर में रखने को तैयार नहीं है। जब वो अपनी पत्नी को लेकर घर गया तो घर वालों ने घर में घुसने नहीं दिया। जिस कारण वह कभी रेलवे स्टेशन तो कभी बस स्टैंड पर दर-दर की ठोकरें खाने के लिए मजबूर है।

क्या कहा पुलिस ने
वहीं, मामले में युवती ने कहा कि उसके ससुराल वालों से उसको व उसके पति को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले को लेकर सीओ सिविल लाइन अनिल समानिया ने बताया कि प्रेमी युगल ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications