कल्याण सिंह का जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति है: अमित शाह
अलीगढ़, 23 अगस्त: गृह मंत्री अमित शाह ने अलीगढ़ के अतरौली में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जी का इस दुनिया से चले जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके जाने के साथ भाजपा ने अपना एक दिग्गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है। उन्होंने कहा कि देशभर और विशेषकर उत्तर प्रदेश के दबे-कुचलों और पिछड़ों ने अपना एक हित चिंतक गंवाया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

रामजन्मभूमि आंदोलन के लिए त्याग दी सत्ता: अमित शाह
अमित शाह ने कहा, कल्याण सिंह जी रामजन्मभूमि आंदोलन के बड़े नेता रहे और रामजन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता त्यागने में उन्होंने जरा नहीं सोचा। श्री रामजन्मभूमि के शिलान्यास के दिन उन्होंने बड़े हर्ष और संतोष से बताया कि मेरे जीवन का लक्ष्य आज पूरा हो गया।
अतरौली में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में रखा गया। गृह मंत्री अमित शाह ने यहां पहुंचकर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अतरौली में कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज बुलंदशहर के नरौरा स्थित गंगा किनारे बांसी घाट पर किया जाएगा। इससे पहले पार्थिव शरीर को नरौरा में स्थित बच्चा पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां स्थानीय और बाहर से आने वाले लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications