अलीगढ़: ससुराल से देर रात बेटी को लेकर निकला पिता, सुबह खाली प्लॉट में मिले दोनों के शव
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र में पिता और दो साल की बेटी की लाशें मिली हैं। दोनों की पहचान राकेश और प्रियांशी के तौर पर हुई हैं। सासनी गेट के सोनपाल नगर में राकेश की सुसराल है। वहां घर से 500 मीटर की दूरी पर खाली प्लॉट में दोनों के शव पड़े थे। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि शवों पर चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता लग पाएगा।

पुलिस जांच में पता चला है कि बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय राकेश की शादी अलीगढ़ में सासनी गेट के सोनपाल नगर में आरती से हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे। बेटी प्रियांशी दो साल की थी जबकि बेटा अजय अभी नौ महीने का है। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी में झगड़ा चल रहा था। आरती होली से एक महीने पहले अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके सोनपाल नगर आ गई थी।

होली पर राकेश ससुराल आया और दोनों बच्चों को जबर्दस्ती साथ लेकर बुलंदशहर चला गया है। आरती के परिवार के लोग बुलंदशहर जाकर बेटे अजय को अलीगढ़ ले आए। इसके बाद राकेश बेटी प्रियांशी के साथ ससुराल आया। यहां वह देर रात बेटी के साथ निकला था। सुबह दोनों की लाशें घर के पास खाली प्लॉट में लोगों ने देखी तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और पुलिस ने वहां जांच की। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। अलीगढ़ के एसपी सिटी ने इस बारे में बताया कि दोनों के शवों पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications