Aligarh plane: सोलो फ्लाइट के दौरान हादसा, 200 मीटर तक घसीटा, 6 करोड़ की कीमत वाला एयरक्राफ्ट क्षतिग्रस्त
Aligarh plane crash: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धनीपुर एयरपोर्ट पर एक प्रशिक्षु विमान लैंडिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। गनीमत यह रही कि विमान में मौजूद ट्रेनी पायलट सुरक्षित बच गया और उसे हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई।
इस हादसे ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और प्रशिक्षण संस्थान पॉयनियर फ्लाइंग क्लब में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, क्रैश हुए विमान की कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके पर तुरंत अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और पायलट को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

गौरतलब है कि पॉयनियर फ्लाइंग क्लब धनीपुर एयरपोर्ट पर पायलटों को प्रशिक्षण देता है। रविवार को प्रशिक्षु पायलट पर्व जैन अपनी सोलो फ्लाइट के तहत डायमंड 40 एयरक्राफ्ट उड़ा रहे थे। लेकिन जैसे ही दोपहर करीब 3:20 बजे विमान लैंडिंग के लिए रनवे पर उतरा, तभी संतुलन बिगड़ गया और विमान फिसलता हुआ एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल से जा टकराया।
200 मीटर तक घसीटता रहा विमान
हादसे के दौरान विमान करीब 200 मीटर तक बाउंड्री वॉल के साथ रगड़ता रहा, जिससे विमान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान विमान में केवल पायलट पर्व जैन ही मौजूद थे। हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान ने रनवे पर सही ढंग से उतरने की कोशिश की थी लेकिन संतुलन बिगड़ने के बाद वह तेजी से बाईं ओर मुड़ गया और बाउंड्री से जा टकराया। हादसे के बाद तुरंत एयरपोर्ट स्टाफ और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।
हादसे के बाद प्रशासन और DGCA हरकत में
धटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। सिटी मजिस्ट्रेट और एयरपोर्ट प्रभारी रमाशंकर ने मौके का मुआयना किया और बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रशिक्षु पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और अब मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम करेगी।
बताया जा रहा है कि पर्व जैन के पास अभी तक 30 से 40 घंटे का उड़ान अनुभव था। नियमों के तहत, सोलो फ्लाइट के दौरान पायलट को खुद विमान संभालना होता है। इस हादसे के बाद विमान संचालन और प्रशिक्षण प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है।
डायरेक्टर ने दी जानकारी, जांच शुरू
नागरिक उड्डयन निदेशक एसएस अग्रवाल ने भी हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह एक ट्रेनी विमान था और इसे सोलो फ्लाइट के दौरान उड़ाया जा रहा था। डीजीसीए की टीम हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच करेगी।
धनीपुर एयरपोर्ट पर इससे पहले इस तरह की कोई बड़ी दुर्घटना सामने नहीं आई थी, जिससे अब सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हादसे के पीछे तकनीकी खामी थी या पायलट की कोई चूक।














Click it and Unblock the Notifications