Video: कांवड़ियों को Aligarh में युवक ने बांटी बीयर, पुलिस गिरफ्त में आने के बाद बताई ये वजह
Aligarh beer distributed to kanwariyas: अलीगढ़ जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक बीयर की पेटी सड़क पर रखकर आते-जाते कांवड़ियों को एक-एक बीयर की कैन दे रहा है। बीयर देने के बाद नमस्कार भी कर रहा है।

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसको सुनकर आप भी चौंक जाएंगा। दरअसल, यहां महाशिवरात्रि पर कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों को शिवर लगाकर दूध, फल, पेठा, दवा, पानी के पाउच, कोल्ड ड्रिंक और समोसे की जगह एक शख्स बीयर के कैन बांट रहा था। शख्स द्वारा कांवड़ियों को बीयर बांटने का वीडियो जैसे सोशल मीडिया पर सामने आया तो वैसे ही वायरल हो गया। अब यह वीडियो मीडिया की सुर्खियों में छाया हुआ है।
Recommended Video

कांवड़ियों को शख्स दे रहा है बीयर
कांवड़ियों को बीयर बांटने का यह वीडियो 51 सेकंड का है और अलीगढ़ जिले के किशनपुर चौराहे के पास का बताया जा रहा है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, यह वीडियो 16 फरवरी को सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद से जिले में इस वीडियो की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें साफ नजर आ रहा है कि एक शख्स रोड पर बीयर की कैन रखकर कांवड़ियों को एक-एक बीयर की केन दे रहा है।

वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
कांवड़ियों को बीयर की कैन बांटते हुए जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। तो वहीं, एक्साइज विभाग ने दुकानदार पर कार्रवाई की है कि इतनी मात्रा में बीयर एक साथ कैसे बेच दी गई। इसके साथ ही बीयर बांटने वाले शख्स के खिलाफ थाना क्वार्सी में अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में एक बाइक और 14 केन बीयर भी बरामद की हैं।

एक्साइज डिपार्टमेंट ने भी की कार्रवाई
इस मामले में सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि रामघाट रोड पर कांवड़ियों को बीयर बांटने का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर पुलिस ने एक्शन लिया है। घटना को लेकर एक्साइज डिपार्टमेंट ने भी कार्रवाई की है। वहीं, थाना क्वारसी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था जिसकी पहचान योगेश के रुप में हुई है। जिसको आज गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्त में आए शख्स ने बताई ये वजह
पुलिस गिरफ्त में आए योगेश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पंद्रह दिन पहले उसके पिता का देहांत हुआ है। उनकी आत्मा की शांति के लिए उन्हीं की याद में वह बीयर बांट रहा था। पुलिस की मानें तो योगेश अलीगढ़ जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र के श्रीनगर का रहने वाला है। योगेश ने निरंजनपुरी के ठेके से बीयर की केन का एक कर्टन खरीदा था और सड़क पर चल रहे कांवड़ियों को बांटने लगा। इस दौरान कांवड़िये उससे बीयर की केन ले गए।












Click it and Unblock the Notifications