आतंकियों से शेर की तरह लड़ा 23 साल का फौजी हेमराज जाट, तिरंगा लेकर अंतिम विदाई देने पहुंचे लोग, VIDEO
अजमेर। जम्मू कश्मीर के पूंछ सेक्टर में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में शहीद हुए अजमेर जिले के सपूत हेमराज जाट को मंगलवार को हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव अजमेर जिले के रूपनगढ़ के भदून गांव में किया गया। शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।


हेमराज निठारवाल ने एलओसी पर प्राणों की बाजी लगा दी
बता दें कि अजमेर जिले के रूपनगढ़ उपखण्ड के भदूण स्थित सामली ढाणी निवासी 23 वर्षीय हेमराज निठारवाल ने 1 सितम्बर 2019 को एलओसी पर दुश्मनों से लोहा लेते हुए अपने प्राणों की बाजी लगा दी थी। हेमराज की पार्थिव देह देर सोमवार रात रूपनगढ़ पहुंची। जिसे अंतिम दर्शन के लिए पुलिस थाने में रखवाया गया।

ये लोग भी पहुंचे अंतिम विदाई देने
यहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन को पहुंचे। सुबह पार्थिव देह को गांव भदून के श्मशान स्थल तक ले जाया गया, जहां पर चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, सांसद भागीरथ चैधरी, विधायक सुरेश टांक, सुरेश रावत, जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा, एसपी कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

बाजार रहे बंद
राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव देह को बड़े भाई बंशीलाल व अन्य ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सभी की आंखे नम नजर आईं। लोगों ने हेमराज जाट अमर रहे के नारों से क्षेत्र को गूंजायमान कर दिया। मंगलवार को आस-पास के सभी बाजार बंद रहे। रूपनगढ़ स्थित मार्बल मण्डी में भी कोई प्रतिष्ठान नहीं खुला।












Click it and Unblock the Notifications