Rekha Jeswani: वो महिला अफसर जो ठेले वालों से लेती थी घूस, 3 हजार लेकर स्कूटी की डिग्गी में रखे
अजमेर। रिश्वत लेने के मामले तो खूब सामने आते हैं, मगर राजस्थान के अजमेर में एक महिला अधिकारी ने खुद का ईमान बेचने में सारी हदें पार कर दी। अजमेर नगर निगम की राजस्व निरीक्षक रेखा जेसवानी ने सड़क किनारे ठेले लगाने वालों से मासिक बंधी बांध रखी थी, जो ठेले वाले जितना खुद नहीं कमा पाते थे उससे ज्यादा तो उन्हें इसको रिश्वत देनी पड़ रही थी। तंग आकर एक ठेले चालक की शिकायत पर अजमेर एसीबी की टीम ने तीन हजार की रिश्वत लेते रेखा जेसवानी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

महीना पूरा होने से पहले आ जाती रिश्वत लेने
अजमेर के बजरंग गढ़ पर नींबू पानी का ठेला लगाने वाले कमलेश कुमार ने बताया कि पिछले कई माह से अजमेर नगर निगम की राजस्व निरीक्षक रेखा जेसवानी हर माह तीन हजार रुपए की बंधी ले रही थी। वह महीना पूरा होने से पहले आकर तीन हजार रुपए मांगने लग जाती थी। नींबू पानी के ठेले की कमाई से घर का खर्च निकालना ही मुश्किल हो रहा था।

परिवादी ने सबूत जुटाकर एसीबी को दिए
तंग आकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत करने की ठानी। पहले रेखा जेसवानी के रिश्वत मांगने के सारे सबूत जुटाए। रिकॉर्डिंग की। फिर जयपुर जाकर एसीबी में इसकी शिकायत करना चाहता था तब किसी ने बताया कि यह शिकायत अजमेर एसीबी टीम से भी कर सकता है। अजमेर एसीबी ने कमलेश की शिकायत पर कार्रवाई की।

पहले पांच हजार अब तीन हजार रुपए
अजमेर एसीबी के उपाधीक्षक पारस मल पंवारा ने बताया कि फायसागर रोड अजमेर निवासी कमलेश सिंधी ने चार मार्च को एसीबी कार्यालय में शिकायत दी कि कमलेश और उसका पिता सुभाष उद्यान के गेट नंबर दो ठेला लगाते हैं। अजमेर नगर निगम की राजस्व अधिकारी रेखा जेसवानी उन्हें यहां पर ठेला लगाने के कारण बीते चार माह से डरा धमकाकर उनसे मासिक रुपए वसूल रही थी। शुरुआत में पांच हजार रुपए प्रतिमाह पांच हजार रुपए लिए। फिर तीन हजार रुपए प्रतिमाह लेने लगी।

तीन हजार रुपए लेकर घर बुलाया
रेखा जेसवानी ने कमलेश को फरवरी 2020 की मासिक बंधी के रूप में तीन हजार देने के लिए पांच मार्च को अपने घर बुलाया। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद जाल बिछाया और कमलेश को रंग लगे हुए रुपए देकर रेखा जेसवानी के घर भेजा तब उसने रुपए घर पर खड़ी स्कूटी की डिग्गी में रखने को कहा। उधर, इशारा पाकर एसीबी अजमेर की टीम ने दबिश दी और रेखा जेसवानी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications