Ajmer Dargah Video: अजमेर दरगाह में तलवारें लेकर घुसा यूपी का आलम अली, अफरातफरी मची तो जायरीन ने दिखाई हिम्मत
Ajmer Dargah: राजस्थान के अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में मंगलवार सुबह एक युवक तीन तलवारें लेकर घुस गया, जिससे वहां मौजूद जायरीनों में हड़कंप मच गया। युवक अर्द्धनग्न अवस्था में था और तलवारें लहराने लगा। मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन एक साहसी जायरीन ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसकी तलवारें छीन लीं। इस दौरान उसे भी हाथ में चोट आई।
घटना करीब सुबह 11 बजे की है। सूचना मिलते ही अजमेर दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम आलम अली बताया है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस अभी इस जानकारी की पुष्टि कर रही है और यह जांच की जा रही है कि वह दरगाह परिसर में तीन तलवारें लेकर कैसे पहुंचा?

अजमेर दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अजमेर दरगाह के मुख्य प्रवेश द्वारों पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, साथ ही दरगाह कमेटी और अंजुमन कमेटी के कर्मचारी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहते हैं। इसके बावजूद युवक का बिना किसी रोक-टोक के अंदर पहुंच जाना सुरक्षा में गंभीर चूक को दर्शाता है।
अंजुमन कमेटी के सचिव सैय्यद सरवर चिश्ती ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गेट पर मौजूद पुलिसकर्मी सतर्कता नहीं बरतते और अक्सर मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था की पुनः समीक्षा की जानी चाहिए और इसे और अधिक सख्त करने की जरूरत है।
अजमेर दरगाह पुलिस कर रही मामले की जांच
दरगाह सीओ लक्ष्मणराम ने बताया कि युवक के दरगाह में तलवारों के साथ प्रवेश करने के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके इरादे क्या थे और क्या वह किसी मानसिक तनाव में था। पुलिस इस बात की भी छानबीन कर रही है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं था।
इस घटना के बाद दरगाह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गेट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई अप्रिय घटना न हो सके।












Click it and Unblock the Notifications