गुजरात में जन्म लेते ही मुस्लिम परिवार का बेटा बन गया पाकिस्तानी! जानें पूरा मामला
अहमदाबाद। देशभर में सीएए और एनआरसी को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में राजस्थान से मजदूरी करने आए हुए एक मुस्लिम परिवार का बेटा जन्म लेते ही पाकिस्तानी बन गया है। दरअसल, 2018 में जन्मे इस बच्चे के बर्थ सर्टिफिकेट में पाकिस्तान का एड्रेस लिखे जाने की हकीकत सामने आई है, जिसको जानते ही परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई है। इस गलती को सुधारने के लिए वह कचहरी के चक्कर काटने लगे हैं।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, रिवरफ्रंट के निर्माण के वक्त यहां से झोपड़ियों को हटाया गया था। बाद में इन लोगों को वटवा क्षेत्र में आवास दिए गए थे। 2015 में राजस्थान से आया अरबाज खान और महेकबानू का परिवार ऐसे ही एक आवास में किराए पर रहकर यहां मजदूरी का काम करते हैं। 1 अक्टूबर 2018 को इस परिवार में बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम मोहम्मद उज्जेर खान रखा गया।
बर्थ सर्टिफिकेट के एड्रेस में पाकिस्तान लिखा था
सरकार की आयुष्मान योजना और बीपीएल कार्ड में बेटे का नाम दर्ज करवाने गए पिता अरबाज खान को अब पता चला कि बेटे के बर्थ सर्टिफिकेट के एड्रेस में पाकिस्तान लिखा हुआ है। उनका कहना है कि वह पढ़ना-लिखना नहीं जानते हैं। बेटे के जन्म के बाद में पत्नी की भाभी ने मेरे मोहम्मद उज्जेर खान का बर्थ सर्टिफिकेट निकलवा दिया था। जिसका कहां और क्या उपयोग होगा इसका भी उसे पता नहीं था। अन्य सरकारी कार्ड बनाते समय इसमे पाकिस्तान लिखा होने की हकीकत जानकर हम कचहरी गए, लेकिन वहां कोई जवाब नहीं मिलने के कारण हमने स्थानीय कॉरपोरेटर बदरुद्दीन शेख से संपर्क किया। उनके द्वारा अधिकारियों से बात करने पर भी किसी ने अपनी गलती का स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, इस मामले को लेकर शहर के मेयर द्वारा जल्द से जल्द जांच कर इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications