अहमदाबाद में तेजी से बढ़ रही कुत्तों की संख्या, सीएम ऑफिस से अब हाईकोर्ट तक पहुंची ये समस्या
अहमदाबाद. गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में बढ़ते कुत्तों की समस्या का शोर मुख्यमंत्री कार्यालय के बाद अब हाईकोर्ट तक सुनाई देने लगा है। कांग्रेस विधायक इमरान खेडावाला ने आरोप लगाया है कि, सरकार की कोशिशों के बावजूद महानगर में कुत्ते तेजी से बढ़े हैं। खेडावाला का कहना है कि हर माह 30 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद अहमदाबाद में कुत्तों की संख्या बढ़कर एक लाख 80 हजार हो गई है।

खेडावाला ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पत्र लिख जवाब मांगा। उसके बाद महापौर बीजल पटेल ने खेडावाला पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगा दिया। अब हाईकोर्ट ने इस मामले में गृह मंत्रालय, मनपा व पुलिस आयुक्त से जवाब मांगा है। कांग्रेस विधायक के मुताबिक, अहमदाबाद में श्वान बंध्याकरण पर महानगर पालिका साढे़ तीन करोड़ रुपये खर्च करती है। फिर भी कुत्ते तेजी से बढ़ रहे हैं।
कांग्रेस विधायक के मुताबिक, बीते वर्ष कुत्तों द्वारा इंसानों को काटने के करीब 70 हजार मामले सामने आए। कांग्रेस विधायक ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है। उधर, महापौर पटेल ने खेडावाला को पत्र लिखने की जगह अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने की नसीहत दे डाली है। इसी प्रकार इस मुद्दे पर दोनों पार्टियों के बीच रार ठनी हुई है। अब हाईकोर्ट ने जवाब मांगा है।












Click it and Unblock the Notifications