शादी का वीडियो देख रहे थे पति-पत्नी, अचानक करने लगे मारपीट और फिर...
अहमदाबाद। कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे की वजह से पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर में तीन हफ्ते का लॉक डाउन घोषित कर दिया है। पीएम मोदी ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। लोग इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ वक्त बिता रहे हैं, लेकिन गुजरात के अहमदाबाद में पति-पत्नी का एक साथ रहना भारी पड़ गया। पति-पत्नी घर में एक साथ बैठकर टीवी पर शादी का वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। पत्नी ने गुस्से में जहर खा लिया।

क्या है पूरा मामला
शाहीबाग क्षेत्र में रहने वाले पति-पत्नी मंगलवार को टीवी पर शादी का वीडियो देख रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। यह बहस मारपीट में बदल गई। पति ने गुस्से में आकर पत्नी को थप्पड़ जड़ दिया। नाराज पत्नी ने नींद की गोलियां खा ली। तबीयत खराब होने पर गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही महिला के मायके वाले भी आ गए। उन्होंने शाहीबाग पुलिस थाने में आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पति और ससुरालवालों पर केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। महिला के घरवालों की ओर से दर्ज कराई शिकायत के बाद पति और उसके परिवार वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या करने के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति और ससुरालवाले अक्सर दहेज की मांग का लेकर उसके साथ मारपीट करते हैं।

गुजरात में कोरोना वायरस के 38 पॉजिटिव केस
बता दें, दुनियाभर में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। गुजरात के अंदर इसके 38 पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं। बीते दिनों यहां एक शख्स की मौत भी हो गई। वहीं, 4 हजार से ज्यादा लोग आइसोलेशन में हैं। गुजरात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने बुधवार को बताया कि राज्य में कोरोनावायरस के तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब तक प्रदेश भर में 38 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा, यहां 'होम-क्वारंटाइन' तोड़ने वाले 147 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।'












Click it and Unblock the Notifications