बच्चा चोर समझकर महिला को बेरहमी से पीटा, गले में दुपट्टे का पट्टा डालकर घुमाया
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को बच्चा चोर गैंग का सदस्य समझकर लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने महिला के गले में दुपट्टे का पट्टा डालकर इलाके में घुमाया। इस दौरान वहां खड़े लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, मामला आगरा जिले के सैयां थाना क्षेत्र का है। लोगों के अनुसार, महिला आसपास के क्षेत्र में काफी देर से घूम रही थी। आरोप है कि महिला ने एक बच्चे का हाथ पकड़ा और अपने साथ खींचकर ले जाने लगी। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर लोगों ने बच्चे को छुड़ा लिया। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। महिला से पूछताछ की तो वह कुछ नहीं बता सकी। लोगों ने बच्चा चोर समझकर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान वहां खड़े लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस की मानें तो वीडियो के आधार पर महिला और आरोपियों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू हो गई। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की तरफ से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। बता दें कि शुक्रवार को भी आगरा के खेरागढ़-सैंया में बच्चा चोरी का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने महिला को बच्चा चोर समझकर पीट दिया था। वहां से गुजर रहे सीओ खेरागढ़ बीएस वीर कुमार ने पुलिस बुलाई और महिला को थाने पहुंचाया था। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं लग रही है।












Click it and Unblock the Notifications