आगरा में कोरोना संक्रमण से दो और मरीजों की मौत, 15 नए मामले
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में कोरोना वायरस से दो और मरीजों की मौत हो गई है। वहीं, 15 नए मामले सामने आए हैं। ताजनगरी में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 60 पर पहुंच चुकी है। यहां कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1035 पर है। शनिवार रात को 15 नए मामले सामने आए थे। वर्तमान में 115 एक्टिव केस हैं, जिनका इलाज चल रहा है। अब तक आगरा में 16518 लोगों की ही कोरोना जांच हुई है।
Recommended Video

ताजगंज निवासी 50 साल के ह्रदय रोगी मरीज को सेप्टीसीमिया की समस्या होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां कोरोना की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 51 साल के कमला नगर निवासी मरीज को सांस लेने में परेशानी एक्यूट रेस्परेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम एआरडीएस होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उन्हें आक्सीजन पर रखा गया था। तबीयत बिगड़ती चली गई और उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कोरोना पॉजिटिव 60 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उधर, जिला अस्पताल के 41 साल के फार्मेसिस्ट के 11 जून को सैंपल लिए गए थे, इन्हें कोई लक्षण नहीं है। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 42 साल के नमक की मंडी निवासी सर्राफ को बुखार आने पर जांच कराई, इसमें कोरोना की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने से पालीवाल पार्क क्षेत्र निवासी 16 साल की लड़की में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। कोलक्खा, देवरी रोड निवासी 63 साल की महिला मरीज को सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती कराया गया था, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 68 साल के मरीज के नौ जून को सैंपल लिए गए, इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। बता दें, अनलॉक होने के बाद ताजनगरी के बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ रही है। यहां रोजाना करीब यहां 250 टेस्ट हो रहे हैं, उसमें 10 से ज्यादा ही कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications