'जितना बड़ा अपराधी, उतना बड़ा समाजवादी', आगरा में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सपा पर किया जुबानी हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मंगलवार को आगरा पहुंचे। आगरा में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जो जितना बड़ा अपराधी है, उतना बड़ा समाजवादी है।
दरअसल पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए पहुंचे थे। आगरा ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया।

यह सेवा पखवाड़ा 2 अक्टूबर तक चलेगा जिसमें स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर के साथ ही कई अन्य सामाजिक कार्य भी किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हमें निरोगी और स्वस्थ रहना है तो सफाई बहुत जरूरी है। स्वच्छता कार्यक्रम में लोगों को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और इंडी गठबंधन के दलों के नेता काफी हताश हैं इसलिए कुछ भी बोल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में जहां भी अपराध होता है वहां अपराध में शामिल लोग उनके ही चहेते होते हैं।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि चाहे अयोध्या की घटना हो या कन्नौज या सुल्तानपुर की घटना हो हर घटना में उनके हिस्सा गिर्द क्यों शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2012 से 2017 के बीच महसूस की और उसी समय लोगों ने नारा दिया था कि जितना बड़ा अपराधी उतना बड़ा समाजवादी।
सरदार के रूप में आ जाते हैं अखिलेश यादव
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आगे कहा कि अखिलेश यादव के गिरोह के लोग जब गुंडई करते हैं, कोई अपराध करते हैं और पुलिस जब उनके खिलाफ कार्रवाई करती है तो अखिलेश यादव उनके सरदार के रूप में सामने आ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जो डकैती हुई थी, उसमें सोना भी बरामद हो गया है। इसलिए कह रहा हूं कि जब-जब ऐसे लोगों पर कार्रवाई होती है तो गिरोह के सरगना के तौर पर अखिलेश यादव को काफी पीड़ा होती है।
वहीं उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उपचुनाव पर 10 सीट पर परिणाम अच्छे आएंगे। उन्होंने बीते लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन के लोगों ने जनता को गुमराह करने का काम किया था। संविधान और आरक्षण को लेकर झूठा प्रचार किया था लेकिन उपचुनाव में यह सब नहीं चलने वाला।












Click it and Unblock the Notifications