Helicopter Crash: शहीद पीएस चौहान के परिवार को 50 लाख रुपए, नौकरी देगी UP सरकार, CM योगी ने किया ऐलान
आगरा, 10 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा के वीर सपूत विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पैतृक आवास पहुंचे। सीएम योगी ने तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर क्रैश में दिवंगत हुए विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से भेंट की। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवार के साथ है। राज्य की ओर से शहीद परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और किसी एक संस्था का नाम शहीद के नाम पर रखा जाएगा।

कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए आगरा के पृथ्वी सिंह चौहान
तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत के साथ आगरा के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शहीद हुए हैं। पृथ्वी सिंह चौहान दयालबाग के सरन नगर के रहने वाले थे। पृथ्वी सुरेंद्र सिंह के इकलौते बेटे थे। 4 भाई-बहनों में वह सबसे छोटे थे। उन्होंने छठी कक्षा में सैनिक स्कूल रीवा में एडमिशन लिया, इसके बाद उनका एनडीए में सिलेक्शन हुआ। साल 2000 में पृथ्वी सिंह की एयरफोर्स में ज्वॉइनिंग हुई थी। वर्तमान में वह कोयंबटूर के पास एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। पृथ्वी की शादी 2007 में वृंदावन निवासी कामिनी से हुई थी। उनकी 12 साल की एक बेटी आराध्या और 9 साल का बेटा है।
Recommended Video
शहीद के परिवार से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ''कुन्नूर, तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दिवंगत हुए माँ भारती के वीर सपूत विंग कमांडर श्री पृथ्वी सिंह चौहान जी के पैतृक आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी व परिजनों से भेंट की। प्रदेश सरकार परिजनों के साथ है। परमपिता शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दु:ख सहन करने की शक्ति दें।'' इससे पहले सीएम योगी ने दिल्ली में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी धर्मपत्नी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही बेटी कृतिका और तारिणी के अलावा परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।












Click it and Unblock the Notifications