अब दिल्ली से आगरा के बीच का सफर सीप्लेन से होगा तय
नई दिल्ली। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार अब सीप्लेन से किया जा सकता है। जी हां केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मानें तो जल्द ही दिल्ली से आगरा के बीच यमुना नदी के जरिए सी प्लेन का सफर किया जा सकता है।
मोदी के साबरमती रिवर फ्रंट को टक्कर देगा लखनऊ का गोमती रिवर फ्रंट

यमुना नदी पर सीप्लेन से दिल्ली से आगरा के बीच के इस सफर को रोमांचक बनाने के लिए नितिन गडकरी योजना बना रहे हैं। गडकरी ने कहा कि अगले तीन महीने में फ्लाइ बोट की शुरुआत की जाएगी। गडकरी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से भी बात चल रही है। जिससे की सीप्लेन चलाने के लिए रूट का निर्धारण किया जा सके और इस काम में आने वाली बाधा को दूर किया जा सके।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के बारे में हाल ही में संसद के सत्र में चर्चा भी की गयी थी। संसद ने भारतीय वाटरवेज बिल को 11 मार्च को पास भी कर दिया था। इस योजना के तहत 106 वाटरवेज की शुरुआत की जाएगी जोकि देश में नयी तरह परिवहन के रास्तों को खोलेगा।
यमुना बनी ताज महल के लिए खतरा, जानिए कैसे?
इस योजना के अलावा सरकार योजना बना रही है कि वह ऐसे वाहनों की शुरुआत करेगी जो पानी के साथ सड़क पर भी चल सकेंगे। ऐसे में यमुना नदी के अलावा अन्य नदियों पर भी यातायात के नये रास्ते खुलेंगे।
गड़करी ने कहा कि इस योजना में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, दिल्ली जल बोर्ड व परिवहन मंत्रालय मुख्य भूमिका निभायेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड को इस बात की जिम्मेदारी दी गयी है कि यमुना नदी में कुछ भी ऐसा नहीं डाला जाए जो इसके प्रवाह को रोके। जबकि डीडीए पर इस बात की जिम्मेदारी होगी कि वह नदी के तट का सौंदर्यीकरण करे।
सड़क एवं परिवहन मंत्रालय यह सुनिश्चित करेगा कि नदी जल स्तर हमेशा बराबर रहे। इसके लिए सभी अहम कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए कनाडा और रूस की कंपनियो ने सीप्लेन सप्लाई करने की इच्छा भी जतायी है।












Click it and Unblock the Notifications