Agra में घूमने आई फ़्रांसिसी महिला की मौत, फोटो लेते समय टूट गई थी 'तुर्की सुल्ताना महल' की रेलिंग
ताजनगरी आगरा में घूमने आई एक फ्रांस की पर्यटक की एक हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फतेहपुर सीकरी स्मारक के तुर्की सुल्ताना महल में फोटो खिंचाते वक्त रेलिंग टूटने से कई फुट नीचे गिर गईं थीं। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही भी सामने आई है, जिसपर कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
फोटो लेते समय हुआ हादसा
दरअसल, फ्रांस के 20 पर्यटकों का दल दिल्ली घूमने आया हुआ था। वहां से जोधपुर होते हुए गुरुवार की दोपहर सभी पर्यटक फतेहपुर सीकरी पहुंचे। यहां फतेहपुर सीकरी स्मारक में फ्रांस के पर्यटकों का दल दीवान ए खास में तुर्की सुल्ताना महल पर रेलिंग के सहारे खड़े होकर फोटो लेने लगा। यहां लकड़ी की रेलिंग लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक रेलिंग टूट गई और फ्रांस की 61 वर्षीय महिला पर्यटक एस्मा सहित तीन पर्यटक नीचे गिर गए।

सिर के बल नीचे गिरी फ्रांसीसी पर्यटक
पर्यटकों के गिरने की तेज आवाज सुनकर अन्य पर्यटक भी भागकर वहां आ गए। एस्मा सिर के बल नीचे गिरी। गाइड ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया।एंबुलेंस देर से पहुंची लेकिन जैसे तैसे महिला पर्यटक को एसएन में भर्ती कराया दिया गया। यहां डॉक्टरों ने चेकअप करने के बाद एस्मा को रेनबो उजाला सिग्नस हॉस्पिटल रेफर कर दिया। जहाँ डॉक्टरों ने एस्मा को म्रत घोषित कर दिया।

उधर, फ्रांसीसी पर्यटक की मौत के बाद डीएम भानु चंद्र गोस्वामी और आला अधिकारीयों समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हॉस्पिटल पहुंच गए। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी का कहना है कि एंबुलेंस देर से पहुंचने के साथ ही जिस स्तर पर भी लापरवाही हुई है, उसकी जांच कराई जा रही है। जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आती है, उसपर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस तरह की घटना दोबारा न हो इसके लिए इंतजाम किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications