डॉक्टर योगिता हत्याकांड: जिस रिवॉल्वर से हुई हत्या, वो विवेक तिवारी के घर से मिली
आगरा। जिस रिवॉल्वर से डॉक्टर योगिता गौतम की हत्या हुई थी, वो रिवॉल्वर पुलिस ने डॉक्टर विवेक तिवारी के घर से बरामद कर ली है। दरअसल, पुलिस रिमांड पर लेने के बाद पुलिस डॉक्टर विवेक तिवारी को उसके घर उरई लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने उसके घर से रिवॉल्वर, लाइसेंस, कारतूस और योगिता का मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी ने खून से सनी शर्ट धुलवाकर प्रेस करा दी थी। अब टीम उसे कानपुर ले जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उरई कोतवाली पुलिस को आगरा पुलिस ने सुबह 6 बजे आने की सूचना दी थी। इसके बाद से डॉक्टर विवेक तिवारी के सीएमओ कार्यालय कैम्पस स्थित सरकारी आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। कोतवाल जेपी पाल सुबह ही फोर्स लेकर पहुंच गए थे। तो वहीं, आगरा सीओ चवन सिंह चावड़ा डॉक्टर विवेक को लेकर उरई स्थित उसके आवास पर पहुंचे। तीसरी मंजिल के आवास पर डॉक्टर की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद हो गई।
इसके अलावा एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस टीम ने जरूरी दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए। तकरीबन 40 मिनट तक आगरा पुलिस यहां पर रही। डॉक्टर विवेक तिवारी के पास आवास की चाबी नहीं थी। इस वजह से पुलिस को ताला तोड़ना पड़ा। इसके बाद जब कार्रवाई पूरी हो गई तो नया ताला मंगा कर लगाया गया।
बोला था झूठ
हत्यारोपी विवेक तिवारी ने इससे पहले पुलिस से झूठ बोला था कि योगिता का मोबाइल कहां गिर गया उसे पता नहीं है। रिवाल्वर फतेहाबाद टोल से पहले फेंक दी थी, जबकि कपड़े उरई से कानपुर जाते समय फेंके थे। मगर, यह उसके आवास पर मिल गए। लेकिन वह बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस की टीम अभी उसके आवास की तलाशी ले रही है।












Click it and Unblock the Notifications