Coronavirus: इटली से हनीमून मनाकर आगरा लौटी महिला, पिता पर FIR
आगरा। कोरोना वायरस को महामारी घोषित करने के बाद देश में महामारी एक्ट में पहली एफआईआर आगरा के सदर थाने में दर्ज हुई है। पति के साथ हनीमून मनाकर इटली से बेंगलुरु वापस लौटी महिला आइसोलेशन वार्ड में भागकर आगरा अपने मायके पहुंच आ गई थी। दो दिन तक घर में छुपी रही। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस से यह बात छिपाई थी। अब पुलिस ने महिला के पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हनीमून पर पति के साथ इटली गई महिला
आगरा कैंट क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रेलवे कर्मचारी की बेटी का विवाह एक महीने पहले कर्नाटक में नौकरी करने वाले युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए इटली गए थे। इटली से लौटने के बाद पति में कोरोना वायरस पाया गया था। इसके बाद महिला को भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था, लेकिन सैकड़ों लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालकर महिला बंगलुरु से आगरा आ गई। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। शुक्रवार 12 बजे स्वास्थ्य विभाग टीम कोरोना संदिग्ध युवती को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने के लिए रेलवे कॉलोनी पहुंच गई।

आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया
परिजनों ने टीम को बताया कि युवती तो दिल्ली चली गई है। सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स आ गए और पुलिस भी बुला ली। मकान की घेराबंदी कर दी गई। पिछले गेट पर निगरानी बढ़ा दी। रेलवे अधिकारियों की मदद ली। पूरा अमला वहीं पर डटा रहा। करीब तीन घंटे बाद आखिर परिजन खुद ही युवती को लेकर बाहर आए। एंबुलेंस से युवती को एसएन इमरजेंसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।

भारत में आंकड़ा पहुंचा 107
दुनिया के 110 से भी ज्यादा देश कोरोना वायरस (COVID-19) से जंग लड़ रहे हैं। दुनियाभर में वायरस के कारण 4200 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख 25 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारत की बात करें तो यहां भी संक्रमित मामलों की संख्या 107 हो गई है, जबकि इस महामारी से दो लोग मौत के शिकार भी हो गए हैं, फिलहाल केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी वायरस के खात्मे के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications