आगरा: जिंदा जलाई गई संजलि की मौत के बाद भाई योगेश ने भी दी जान
Agra News (आगरा)। उत्तर प्रदेश के आगरा में 10 वीं की छात्रा संजिल को मंगलवार को पेट्रोल डालकर सरेराह जला दिया गया था। इलाज के दौरान संजिल ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में गुरुवार को दम तोड़ दिया। इस मामले में संजलि के भाई योगेश ने भी जहर खा लिया। इलाज के दौरान योगेश की भी मौत हो गई। वहीं, संजलि और योगेश की मौत के बाद जहां ग्रामीण गमजदा हैं, तो वहीं उनके अंदर योगी सरकार और पुलिस के खिलाफ गुस्सा भी है।

क्या था मामला
घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के गांव लालऊ की है। यहा हरेंद्र सिंह जाटव की बेटी संजलि (15) गांव से डेढ़ किमी दूर नौमील गांव में स्थित अशरफी देवी छिद्दा सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। संजलि छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थी। तभी गांव के पास आगरा जगनेर रोड पर हेलमेट पहने दो अज्ञात बाइक सवारों ने उसे रोक लिया और उस पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी।

लोगों ने कराया था अस्पताल में भर्ती
आग लगते ही छात्रा तड़पते हुए इधर-उधर भागने लगी। आग लगने के बाद भागते समय युवती पुलिया के नीचे खाई में गिर गई। युवती की चीख सुनकर वहां से गुजर रहे एक बस चालक ने उसे बचाया और आग बुझाई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई और छात्रा को एसएन मेडिकल की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। संजलि को गंभीर अवस्था में आगरा के एसएन मेडिलकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यहां से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई।

अब भाई ने भी खाया जहर
संजलि की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तार न होने पर संजलि के भाई योगेश ने भी गुरुवार को जहर खा लिया। जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां योगेश की मौत हो गई। संजलि और योगेश की मौत से गांव लालऊ में लोग इतने दुखी हैं कि घरों में चूल्हे तक नहीं जले।












Click it and Unblock the Notifications