उसी अंदाज़ में आयेंगे बराक ओबामा जिस अंदाज में आया करते थे शाहजहां
नई दिल्ली / आगरा (विवेक शुक्ला)। ताज महल के दीदार के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा शाही बग्घी से ताजमहल पहुंचेंगे या अपनी स्पेशल कार से ? हालांकि अभी तक इस बारे में कोई अंतिम फैसला तो नहीं हुआ है, पर इस बात की संभावनाएं तलाशी जा रही है कि क्या उन्हें बग्घी में ताजमहल लाया जा सकता है। वे 27 जनवरी को ताजनगरी में पहुंचेगे।
जानकारों ने बताया कि ओबामा अपनी पत्नी मिशेल के साथ एयरपोर्ट से सीधे होटल अमर विलास जाएंगे। वहां से ताजमहल देखने के लिए जाएंगे। होटल से ही शाही बग्घी में वे ताजमहल जा सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि इन दोनों ही विकल्पों पर एडवांस टीम ने गहनता से विचार किया है।
एडवांस टीम ताज नगरी में
आगरा के वरिष्ठ पत्रकार सी.के.मिश्र ने बताया कि अमेरिका की एडवांस टीम ने आगरा आने पर राष्ट्रपति को किसी विशेष वाहन में ताजमहल तक ले जाने के लिए बात की तो सजी धजी गोल्फ कार्ट और बैटरी चलित बस का विकल्प दिया गया। साथ ही शाही बग्घी में जाने की भी बात चली। उस पर भी विचार किया गया।
परिंदा नहीं मारेगा पर
बेशक, भारतीय और अमेरिकी सुरक्षाकर्मी राष्ट्रपति के साथ ही होंगे। टीम को बताया गया कि जिस रास्ते से अमेरिकी राष्ट्रपति गुजरेंगे, उस पर परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। इस तरह की व्यवस्था की जाएगी। इस पर एडवांस टीम ने शाही बग्घी के बारे में भी विचार किया। अमेरिकी राष्ट्रपति की विजिट को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर पहलू पर विचार विमर्श किया जा रहा है।













Click it and Unblock the Notifications