आगरा जेल से दमदार अंदाज में यूं निकले अभिषेक बच्चन, लोगों ने लगाए जिंदाबाद के नारे
आगरा। ताजनगरी आगरा में इन दिनों फिल्म 'दसवीं' की शूटिंग चल रही है। इस फिल्म में एक्टर अभिषेक बच्चन और यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं। शनिवार को आगरा के सेंट्रल जेल में फिल्म की शूटिंग हुई। इस दौरान जेल के बाहर अलग ही नजारा दिखाई दिया। अभिषेक बच्चन सेंट्रल से निकले तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान लोगों ने जिंदाबाद के नारे लगाए और अभिषेक बच्चन ने दोनों हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

शूटिंग के लिए जुटाई गई थी लोगों की भीड़
दरअसल, ये जेल के बाहर लोगों की भीड़ फिल्म की शूटिंग के लिए जुटाई गई थी। इसलिए जैसे ही अभिषेक जेल से निकले, भीड़ ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। अभिषेक ने भी दमदार अंदाज में लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। भीड़ जुटाने का काम स्थानीय इवेंट कंपनी ने किया था। केंद्रीय जेल को हरित प्रदेश केंद्रीय कारागार का रूप दिया गया। गेट पर हरित प्रदेश का लोगो भी लगाया गया है।

प्रभावशाली नेता गंगाराम चौधरी का किरदार निभा रहे हैं अभिषेक
दसवीं का निर्देशन तुषार जलोटा कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि तुषार इस फिल्म के जरिए कोई बड़ा समाजिक संदेश देने की कोशिश करेंगे। अभिषेक बच्चन और यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं। अभिषेक बच्चन प्रभावशाली नेता गंगाराम चौधरी का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, एक्ट्रेस यामी गौतम को एक पुलिस ऑफिसर का रोल दिया गया है। 'पढ़ाई में फेल लेकिन सियासत के शेर' वाले कॉन्सेप्ट पर बनाई गई इस फिल्म में लंबे समय से अभिषेक के रोल को लेकर चर्चा है।

पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं यामी गौतम
फिल्म में यामी गौतम के रोल को लेकर भी काफी चर्चा है। यामी को पुलिस ऑफिसर के रोल में देखना ना सिर्फ एक नया एक्सपीरियंस होने वाला है, बल्कि खुद एक्ट्रेस के लिए भी अलग ही चैलेंज साबित होगा। फिल्म में अभिषेक बच्चन, यामी गौतम के अलावा लंबे समय बाद इस फिल्म के जरिए अपना कमबैक करने जा रहीं निम्रत को भी एक नेता का ही रोल दिया गया है। वे फिल्म में बिमला देवी का रोल प्ले करती दिखेंगी। उनका फर्स्ट लुक भी सोशल मीडिया पर वायरल है।












Click it and Unblock the Notifications