छत्तीसगढ़: तालाब के किनारे अधेड़ को जिंदा जलाया
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक अधेड़ को जिंदा जला दिया गया। बताया गया है कि योगेंद्र कुमार साहू (42) 29 अगस्त की रात 10 बजे खाना खाने के बाद तालाब गया था। तालाब किनारे वह पचरी के पास बैठा था, तभी गांव के ही गणेश साहू, चंद्र प्रकाश साहू, वीरेंद्र निषाद, उपेंद्र वर्मा और लखेश्वर वर्मा ने वहां पहुंचकर उसका मुंह व हाथ-पैर बांध दिए और उसके ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी।
योगेंद्र आग बुझाने के लिए तालाब में कूद गया। आग तो बुझ गई परंतु तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसी हालत में वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे सोमवार को डॉ भीमराव अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक के बड़े भाई राम खिलावन ने बताया कि सभी आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं और आपसी दुश्मनी के चलते उसके छोटे भाई को जिंदा जलाया गया। घटना के बाद सिमगा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई है। फिलहाल मेकाहारा चौकी पुलिस ने गुरुवार को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications