स्पीड न्यूज: सितंबर 3 की मुख्य खबरें
नई दिल्ली। आज का सबसे बड़ा मुद्दा कोयला घोटाले की खोई हुई फाइलें हैं, जिन पर विपक्ष ने प्रधानमंत्री पर सवालों की बौछार की है। वहीं जोधपुर में आसाराम बापू की जमानत याचिका पर सुनवाई होने वाली है। इन दोनों बड़ी खबरों के अलावा अन्य मुख्य हेडलाइन पढ़ें स्पीड न्यूज में यहां।
करीबी को तरजीह, शाह के पर कतर रहे राजनाथ!
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अमित शाह को उत्तर प्रदेश मामलों का प्रभारी बनाकर एक तरफ जहां यह संकेत देने की कोशिश की कि उनका अपना प्रदेश इस बार उनकी प्राथमिकता में पहले नंबर पर है, वहीं दूसरी तरफ अपने करीबी डा. रमापति राम त्रिपाठी को उप्र चुनाव प्रबंधन की कमान सौंपकर उन्होंने शाह के पर कतरना भी शुरू कर दिया है।
आसाराम के समर्थकों का ग्वालियर में प्रदर्शन
आध्यात्मिक गुरु आसाराम बापू की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में उनके समर्थक सड़कों पर उतरे और रेल रोकने की भी कोशिश की। बाद में पुलिस की सख्ती के चलते प्रदर्शनकारी अपनी योजना में कामयाब नहीं हो पाए।
विप्रो नॉर्डिक क्षेत्र में कर्मचारी बढ़ाएगी
सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो ने मंगलवार को कहा कि वह अगले तीन सालों में नॉर्डिक क्षेत्र में अपने कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि करेगी और करीब 500 प्रौद्योगिकीकर्मियों की नियुक्ति करेगी।
पश्चिमी देशों के पास कोई सबूत नहीं : असद
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद ने कहा है कि सीरिया में हुए रासायनिक हमले में उनके प्रशासन का हाथ होने का कोई सबूत पश्चिमी देशों के पास नहीं है, तथा उन्होंने सीरिया के खिलाफ पश्चिमी देशों के आक्रामक रवैये के गंभीर परिणाम की चेतावनी दी।
आसाराम की जमानत याचिका पर सुनवाई बुधवार तक स्थगित
जोधपुर, 3 सितंबर (आईएएनएस)| यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी स्वयंभू संत आसाराम बापू की जमानत याचिका पर यहां एक अदालत ने सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी। आसाराम इस समय न्यायिक हिरासत में हैं।
बस ड्राइवर के जुड़वां बच्चे बनेंगे इंजीनियर
मध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में अव्वल आने वाले एक बस ड्राइवर के जुड़वां बच्चों के लिए गरीबी की वजह से आगे पढ़ाई जारी रख पाना मुश्किल था, लेकिन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना ने यह मुश्किल आसान कर दिया है।
लखनऊ में छात्रा बीच सड़क से अगवा
उत्तर प्रदेश की राजधानी के सआदतगंज इलाके में रहने वाले एक टेलर की बेटी को स्कूल जाते वक्त मोटरसाइकिल सवार दो युवक बीच सड़क से अगवा कर ले गए। घटना के वक्त छात्रा के साथ उसकी कुछ सहेलियां भी थीं। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आस्ट्रेलियाई राज्यों में भारतीय पर्यटकों को लुभाने की होड़
एयर इंडिया 16 सालों के बाद आस्ट्रेलिया के सिडनी और मेलबर्न के लिए फिर से उड़ानों का संचालन शुरू कर रही है और इसके साथ ही आस्ट्रेलिया के दो प्रांतों -विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स- की सरकारें भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने की कोशिशों में जुट गई हैं।
युवक को दस्यु गिरोह को सौंपने वाले 2 लोगों को उम्रकैद
पांच लाख रुपये फिरौती के लिए युवक को दस्यु गिरोह को सौंपने वाले दो आरोपियों को औरैया की स्थानीय अदालत ने आजीवन कारावास व पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा दी है।
ह्युंडई ने ग्रैंड आई10 पेश किया
कार निर्माता कंपनी ह्युंडई मोटर ने मंगलवार को महंगी श्रेणी में प्रवेश स्तर की हैचबैक कार ग्रैंड आई10 पेश की। कार पेट्रोल और डीजल दोनों ही ईंधनों की किस्मों में पेश की गई है, जिसकी न्यूनतम लांचिंग कीमत 4.29 लाख रुपये रखी गई है।
एयरपोर्ट मेट्रो पर मंत्री-समूह करेगा विचार : कमलनाथ
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली में एयरपोर्ट मेट्रो एक्स्प्रेस लाइन (एएमईएल) से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए मंत्रियों के अधिकार प्राप्त समूह (ईजीओएम) से सलाह ली जाएगी।
नाइजीरिया में गोलीबारी, 10 की मौत
नाइजीरिया के कदुना स्टेट के एक गांव में एक बंदूकधारी के हमले में कम से कम 10 लोग मारे गए। मंगलवार को यह जानकारी पुलिस ने दी।
कावेरी पर जल विद्युत परियोजना के खिलाफ जयललिता
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से आग्रह किया है कि कर्नाटक को सलाह दी जाए कि वह कावेरी पर किसी तरह की जल विद्युत परियोजना का निर्माण न करे।
निकोल डेविड ने बनाया विश्व वरीयता का रिकॉर्ड
विश्व स्क्वैश चैम्पियशिप के महिला वर्ग में रिकॉर्ड सात बार विजेता रहने वाली मलेशिया की स्क्वैश स्टार निकोल डेविड ओलंपिक में स्क्वैश को शामिल किए जाने के लिए पिछले एक वर्ष से अनवरत अभियान चला रही हैं।
अमेरिकी ओपन : फेडरर हुए बाहर
पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीय स्विटजरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
आसाराम की जमानत याचिका पर सुनवाई स्थगित
यौन उत्पीड़ के मामले में फंसे स्वयंभू संत आसाराम बापू की जमानत अर्जी पर यहां की एक अदालत ने सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी। यह जानकारी एक अधिवक्ता ने दी।
गायब फाइलें तलाशी जा रही हैं : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को संसद में कहा कि कोयला घोटाले के संबंध में उनकी सरकार के पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है और सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) जांच से जुड़ी तथाकथित गायब फाइलें तलाशी जा रही हैं।
मिस्र में अलजजीरा पर प्रतिबंध
मिस्र की राजधानी काहिरा की एक अदालत ने मंगलवार को मिस्र में अलजजीरा समाचार चैनल के प्रसारण पर रोक लगाने के आदेश दिए।
दिल्ली में स्कूली छात्र को बस ने कुचला
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को स्कूल से लौट रहे एक 14 वर्षीय छात्र को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस ने कुचल दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना से गुस्साई भीड़ ने बाद में 10 बसों में तोड़-फोड़ की।
सुखबीर बादल अकाली दल के फिर अध्यक्ष चुने गए
सुखबीर सिंह बादल को पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल का मंगलवार को फिर से अध्यक्ष चुन लिया गया।
जौनपुर में थाना परिसर में गोलीबारी, 7 पुलिसकर्मी निलंबित
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में चंदवक थाने में एक सिपाही ने सोमवार शाम कुछ सिपाहियों के कहने पर सरकारी राइफल से गोलीबारी कर दी। गोलीबारी में थानाध्यक्ष सहित तीन लोग बाल-बाल बच गए। इस मामले में मंगलवार को आरोपी सिपाही सहित सात सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
माइक्रोसॉफ्ट सौदे से चढ़े नोकिया के शेयर
हेलसिंकी शेयर बाजार में मंगलवार को नोकिया के शेयरों में 47 फीसदी तेजी दर्ज की गई। इससे पहले कंपनी ने यह घोषणा की थी कि वह अपने मोबाइल और सेवा खंड को माइक्रोसॉफ्ट को बेचेगा।
भूमध्य सागर में अमेरिका, इजरायल का संयुक्त मिसाइल परीक्षण
रूस ने दावा किया है कि उसकी प्रक्षेपास्त्र चेतावनी प्रणाली ने भूमध्य सागर के मध्य भाग से सागर के पूर्वी तट की ओर दो प्रक्षेपास्त्र छोड़े जाने की जानकारी दी है। बाद में इजरायल के एक आधिकारिक बयान में इस बात की पुष्टि की गई।
शेयर बाजारों में भारी गिरावट, सेंसेक्स 651 अंक नीचे
देश के शेयर बाजारों में मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 651.47 अंकों की गिरावट के साथ 18,234.66 पर तथा निफ्टी 209.30 अंकों की गिरावट के साथ 5,341.45 पर बंद हुआ।
15वें मुंबई फिल्म महोत्सव में कोंकणा भी होंगी निर्णायक
15वें मुंबई फिल्म महोत्सव (एमएफएफ) के निर्णायकों में भारतीय अभिनेत्री कोंकणा सेनशर्मा को भी शामिल किया गया है। अन्य निर्णायकों में हॉलीवुड निर्देशक ब्रुस बेरेसफोर्ड, फ्रांसीसी अभिनेत्री नतालिया बाये, जापानी अभिनेता-निर्देशक मसातो हरादा और ईरानी निर्देशक असगर फरहादी सहित विदेशी फिल्मों की कई हस्तियां शामिल हैं।
कोयला घोटाला : गायब फाइलों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
संसद में विपक्षी पार्टियों ने कोयला आवंटन से जुड़ी फाइलों के गायब होने के मुद्दे पर मंगलवार को सरकार पर हमला किया और कहा कि देश भ्रमित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी के खिलाफ सम्मन जारी
चंडीगढ़ की एक अदालत ने 21 महीने पुराने एक मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मंगलवार को सम्मन जारी किया और 19 सितम्बर से पहले अदालत में पेश होने के लिए कहा। राहुल पर कथित रूप से एक विशेष समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप है।

'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी' की तैयारी के लिए अवकाश लेंगे सुशांत
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपनी फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' के प्रदर्शन के बाद फिल्मकार दिबाकर बनर्जी की 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी' में भूमिका की तैयार के लिए कुछ दिन का अवकाश लेंगे।
सीरिया की स्थिति बेहद नाजुक : खुर्शीद
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को कहा कि सीरिया में बेहद नाजुक स्थिति बनी हुई है और भारत इस पर बराबर नजर रखे हुए है।
मानव ने तैयार किए शाही शादी के परिधान
भारतीय डिजायनर मानव गंगवानी ने शिया मुस्लिम समुदाय के इमाम आगा खां के बेटे शहजादे रहीम आगा खां और सुपर मॉडल केंड्रा स्पीयर्स की शादी के जोड़े डिजाइन किए।
'रेस गुर्रम' में नजर आएंगे रवि किशन
भोजपुरी फिल्म स्टार रवि किशन जल्द ही तेलुगू फिल्म में दिखाई दे सकते हैं। अगर बात बन पाई तो रवि किशन अभिनेता अल्लु अजुर्न के साथ मार-धाड़ से भरपूर फिल्म 'रेस गुर्रम' में काम करेंगे।
टीवी पर 'बहू' का किरदार निभाना चाहूंगी : प्रियंका
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों विभिन्न टीवी कार्यक्रमों में अपनी आने वाली फिल्म 'जंजीर' के प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी धारावाहिक में किसी दिन बहू का किरदार निभाना पसंद करेंगी।
कोयला घोटाले में छुपाने के लिए कुछ नहीं : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को संसद में कहा कि कोयला घोटाले के संबंध में उनकी सरकार ने कुछ नहीं छुपाया है। लेकिन, उनके इस बयान ने सदन में विरोध और उग्र हो गया।
ओलंपिक स्वर्ण विजेता रोलैंड होंगे फीसा के नए अध्यक्ष
फ्रांस के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जीन-क्रिस्टोफी रोलैंड को इंटरनेशनल रोविंग फेडरेशन (फीसा) का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वह जुलाई 2014 में डेनिस ओसवाल्ड का स्थान लेंगे।
पाकिस्तान ने फिर शुरू की गोलीबारी
जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में एक बार फिर गोलीबारी की।
सीआईसी के लिए न्यायिक पृष्ठभूमि जरूरी नहीं
सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को एक अहम फैसले में कहा कि गैर न्यायिक पृष्ठभूमि वाले लोग भी केंद्रीय सूचना आयुक्त (सीआईसी) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किए जा सकते हैं।
जुबीन के कार्यक्रम के विरोध में समानांतर कार्यक्रम
जम्मू एवं कश्मीर में आगामी सात सितंबर को आयोजित जुबीन मेहता के संगीत कार्यक्रम के विरोध में विरोधी गुट ने इसी दिन श्रीनगर में समानांतर कार्यक्रम के आयोजन का निश्चय किया है, जिसके तहत कश्मीर की सच्चाई को उजागर करने की बात कही गई है।
दिल्ली को 2017 में मिलेगी मोनो रेल
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को वर्ष 2017 में पहला मोनो रेल नेटवर्क मिल जाएगा।
त्रिपुरा : ओएनजीसी के बिजली संयंत्र में बाधा
अगरतला, 3 सितंबर (आईएएनएस)| त्रिपुरा में ओएनजीसी के पहले बिजली उत्पादन संयंत्र का उत्पादन तकनीकी खामियों के कारण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। करीब ढाई महीने पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने यह संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया था।
अफगानिस्तान में 12 आतंकवादी ढेर
अफगानिस्तान में पुलिस के चलाए गए कई अभियानों में 12 आतंकवादी मारे गए और अन्य 33 को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी आंतरिक मंत्रालय ने मंगलवार को दी।
'सत्या 2' के गाने की शूटिंग कश्मीर में
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अपनी अगली फिल्म 'सत्या 2' के एक प्रेम गीत की शूटिंग कश्मीर में की है।
राष्ट्रपति का ओडिशा दौरा 6 सितंबर से
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शुक्रवार को ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने यहां मंगलवार को दी।
चीन के गैर-विनिर्माण पीएमआई में गिरावट
चीन का गैर-विनिर्माण पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) अगस्त महीने में 53.9 फीसदी दर्ज किया गया, जो जुलाई में 54.1 फीसदी पर था। यह जानकारी मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से मिली।

जी-20 में शिरकत से पूर्व जवाब दें प्रधानमंत्री : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से जी-20 शिखर सम्मलेन के लिए रवाना होने से पहले कोयला ब्लॉक आवंटन की गुम हुई फाइलों के मामले में जवाब देने की मांग की है।
हैदराबाद में सीमांध्र के मंत्री, विधायक अनशन पर
सीमांध्र (तटीय आंध्र प्रदेश एवं रायलसीमा) के विधायकों एवं मंत्रियों ने कांग्रेस नेतृत्व से आंध्र प्रदेश के विभाजन के फैसले को वापस लेने की मांग करते हुए मंगलवार को हैदराबाद में एक दिन का अनशन शुरू किया।
शांतिवार्ता का नया दौर शुरू करेंगे इजराइल, फिलिस्तीन
रामल्ला, 3 सितम्बर (आईएएनएस)| इजराइल और फिलिस्तीन की शांतिवार्ता टीमें मंगलवार को बातचीत के नए दौर की शुरुआत करेंगी। यह जानकारी इजराइल रेडियो पर प्रसारित खबरों से सामने आई है।
सीरिया समर्थकों ने अमेरिकी नौसेना की वेबसाइट हैक की
सीरिया समर्थक हैकरों ने अमेरिकी मरीन कॉर्प्स की नियुक्ति संबंधित वेबसाइट हैक कर ली है और उसपर एक संदेश डाल दिया है। संदेश में अमेरिकी सैनिकों से आग्रह किया गया है कि यदि वाशिंगटन सीरिया पर हमले का फैसला लेता है तो वे ऐसे आदेश को मानने से इंकार कर दें।
शोरशराबे के बीच संसद में कार्यवाही बाधित
संसद के दोनों सदनों में मंगलवार को कोयला ब्लॉक आवंटन की गुम हुई फाइलों के मामले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बयान की मांग करने पर कार्यवाही बाधित हुई। शोरशराबे के बीच लोकसभा एवं राज्यसभा में कार्यवाही थोड़ी देर के लिए स्थगित कर दी गई।
उप्र में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बदमाशों ने एक सिपाही की मंगलवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अभी तक हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई है।
ट्यूनीशिया में 49 कैदी जेल से फरार
टयूनीशिया के दक्षिणी शहर गाबेज में 49 कैदी जेल से फरार हो गए। आधिकारिक समाचार एजेंसी टीएपी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सीरिया में युद्ध का दोहराव न हो : पोप
कैथोलिक समाज के धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने सीरिया में रासायनिक हथियारों के संदिग्ध प्रयोग की सूचना की निंदा की। उन्होंने युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया।
हिमाचल में राज्य के बाहर बालू परिवहन पर प्रतिबंध
हिमाचल प्रदेश ने राज्य के बाहर विनिर्माण सामग्रियों के निर्यात पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
माता-पिता से शादी से लिए प्रेरित होती हैं अमांडा
अभिनेत्री अमांडा सीफ्रायड ने कहा है कि उनकी मां ऐन और पिता जैक की शादी देखकर उन्हें भी लगता है कि निकट भविष्य में उनका प्रेम-संबंध भी लंबे समय तक चलेगा।
त्वचा की खातिर शराब से बचती हैं क्रूगर
अभिनेत्री डायने क्रूगर ने कहा है कि अपनी त्वचा की देखभाल के लिए वह शराब और धूम्रपान से बचती हैं।
शादी से ज्यादा एलबम के लिए चिंतित हूं : जॉन
गायक और अभिनेता जॉन लीजेंड जल्द ही अपनी प्रेमिका मॉडल क्रिसी टीजेन से शादी करने जा रहे हैं, लेकिन अपनी शादी के बजाय वह अपने एलबम के लिए ज्यादा परेशान हैं।
प्रसिद्धि के लिए परेशान नहीं होतीं गागा
पॉप हस्ती लेडी गागा ने कहा है कि वह अपनी प्रसिद्धि पर ज्यादा ध्यान नहीं देतीं इसकी जगह वह अपनी ऊर्जा संगीत में लगाती हैं।
उप्र में मुश्किल में बाढ़ प्रभावित, नहीं मिल रही सहायता
उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित लगभग 15 जिलों के लोग राहत एवं खाद्य सामग्री न मिलने से परेशान हैं। इधर, प्रशासनिक अधिकारी हालात के नियंत्रण में होने की बात करते हुए कह रहे हैं कि राहत सामग्री का वितरण समुचित तरीके से हो रहा है।
मप्र में चुनाव पूर्व दिशानिर्देश जारी
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार प्रचार पर अधिकतम 16 लाख रुपये ही खर्च कर सकेंगे और एक साथ बड़ी संख्या में भेजे जाने वाले एसएमएस (बल्क एसएमएस) का खर्च भी उम्मीदवार के खाते में जोड़ा जाएगा। उम्मीदवार भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा तय दिशा-निर्देशों की अवहेलना न कर सकें इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
पूर्व हॉकी कप्तान खेल उपनिदेशक पद से निलंबित
उत्तर प्रदेश के खेल एंव युवा कल्याण मंत्री नारद राय ने लखनऊ में तैनात खेल विभाग के उपनिदेशक एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान राम प्रकाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कांग्रेस, सपा, बसपा हैं मतों के बाजीगर : भाजपा
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर मतों का बाजीगर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन सभी ने मुसलमानों का इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के रूप में किया है। प्राथमिक शिक्षा हो या विकास सभी मामलों पर राज्य में मुसलमानों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
बिहार में बारिश की संभावना
पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है। बारिश के कारण तामपान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है।
दिल्ली में मौसम खुशनुमा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह धूप निकली और हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बन गया। शहर का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन में मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है।
शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट
देश के शेयर बाजारो में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई। प्रमुख सूचकांक सुबह लगभग 10 बजे 108.44 अंकों की गिरावट के साथ 18,777.69 पर निफ्टी भी लगभग इसी समय 37.55 अंकों की गिरावट के साथ 5,513.20 का कारोबार करते हुए देखे गए।
उप्र में तेज धूप, उमस बढ़ी
उत्तर प्रेदश की राजधानी लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान हालांकि प्रदेश में बादल छाए रहे लेकिन बारिश न होने से मंगलवार को उमस में इजाफा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
असद की सेना ने किया रासायनिक हमला : फ्रांस
फ्रांस की खुफिया एजेंसियों ने सोमवार को ऐसे संकेत दिए हैं कि 21 अगस्त को सीरिया की राजधानी दमिश्क में रासायनिक हमला वहां की सरकार की सेना ने किया था।













Click it and Unblock the Notifications