अब आस्ट्रेलियाई छात्र भी पढ़ेंगे हिंदी
कैनबरा| आस्ट्रेलिया ने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए जो प्लान तैयार किया है उसके तहत अब आस्ट्रेलियाई विद्यालयों में हिंदी भाषा को बढ़ावा दिया जायेगा और भारतीय समुदाय के लोगों के साथ मिलकर काम किया जायेगा। इस संबंध में आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविड रूड ने कहा है कि एशियाई देशो में आस्ट्रेलिया के जितने भी संबंध हैं उनमें से भारत के साथ रिश्तों के विकास की संभावना सबसे अधिक है।
आस्ट्रेलिया में 4,50,000 भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो चौथा सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय हैं। शनिवार को भारत के लिए आस्ट्रेलिया की रणनीति जारी की गई, जिसमें एक मोटा खाका प्रस्तुत किया गया है कि 2025 तक कारोबार और सरकार तथा समुदाय स्तर पर भारत के साथ आस्ट्रेलिया के रिश्ते कैसे होंगे। भारत की आबादी 2028 तक चीन से अधिक हो जाएगी।

रणनीति में भारत के साथ सांस्कृतिक समझ का विकास करने की एक योजना रखी गई है, जिसके लिए आस्ट्रेलिया के स्कूलों में हिंदी भाषा शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा, और आस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ मिलकर काम किया जाएगा। रणनीति में 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार में तीन गुणा वृद्धि करने और भारत को आस्ट्रेलिया के पांच प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। भारत अभी आस्ट्रेलिया का 10वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रुड ने 2009 में द्विपक्षीय रिश्ते को एक रणनीतिक साझेदारी में बदल दिया था।
आस्ट्रेलिया के अलावा विश्व के अन्य कई देशों में भी हिंदी को पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications