2014 के लिए मोदी ने बनाया 272+ का टारगेट
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2014 को लेकर की जा रही चुनावी सर्वे भले ही एनडीए को 150 के आसपास सीटें दे रहे हों, लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री और बीजेपी के चुनाव प्रभारी नरेंद्र मोदी की अगुवाई से उत्साहित बीजेपी ने अकेले 272 सीटें जीतने का टारगेट तय कर लिया है। राष्ट्रीय चुनाव अभियान समिति की पहली बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है पार्टी इस बार अपने दम पर बहुमत हासिल करेगी।
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि आगामी आम चुनाव में उसका लक्ष्य 272 से अधिक सीटें जीतने का है। अगले साल होने वाले चुनाव की योजना और रणनीति तैयार करने के लिए आयोजित कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अगले आम चुनाव में 272 सीटें जीतने का है।

पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य अकेले 272 से अधिक सीटें हासिल करने का है। भाजपा इसे हासिल कर सकती है और इस विश्वास के साथ हम लोगों के पास जा रहे हैं।
जावड़ेकर के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आर्थिक मोर्चा हो या देश की सीमा, सरकार लोगों को किसी भी तरह की सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं है। पार्टी की चुनाव समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज जैसे वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications