मंत्री जी का शर्मनाक बयान: सबसे बड़ी गुंडी है मायावती, गरीबों का खून चूसती है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह राणा ने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती पर ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली है जिससे हंगामा मच गया है। यूपी के सहारनपुर जिले में लैपटॉप वितरण समारोह में राजेन्द्र सिंह की जुबान फिसल गई और उन्होंने मायावती को सबसे बड़ी गुंडी कह डाला। लैपटॉप वितरण समारोह में राजेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि मायावती कहती है कि सूबे में गुंडों की सरकार है। हमारे यहां तो बस 4 या 5 ही गुंडे हैं जिनके लिये मैं और बलराम यादव ही काफ हैं। मंत्री ने कहा कि मायावती जैसी गुंडी ने जो सूबे में गरीबों का खून चूसा है।
सारा पैसा पत्थरों में लगा दिया। मायावती सरकार के 17 मंत्री जेल में हैं। राजेन्द्र सिंह राणा के इस बयान के बाद राजनीतिक घमासान मच गई है और बसपा ने खासा आक्रोश जताया है। दुर्गा शक्ति मामले में भी राज्यमंत्री खूब बोले। उन्होंने कहा कि कोई आईएएस या आईपीएस गलती करेगा तो उस पर कार्रवाई तो होगी ही। आगे भी कुछ गलत होगा तो निलंबन होगा। मीडिया की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत सरकार को बदनाम किया जा रहा है। ऐसा न किया जाए।

इस विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बसपा के जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने कहा है कि मंत्री को मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। उन्होंने मंत्री के वक्तव्य की कठोर निंदा की और कहा कि राजेंद्र राणा को इस तरह के बयान देने से बसपा को आघात लगा है। सभी को मंत्री के बयान की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सपा का जनाधार खिसक रहा है। मंत्री लूट-खसोट में लिप्त हैं। ऐसे में सपाई घबरा कर ऊलजुलूल बयानबाजी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications