बाबा ने चलाए 'राम बाण', कहा सोनिया को हराकर ही लेंगे दम
लखनऊ। योगगुरु से राजनेता बनने को तैयार बाबा रामदेव राजनीति के गुर सीखने में लगे हुए है। सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन के लिए बाबा योग के साथ राजयोग का अभियान भी चला रहे हैं। राजनीति में अपनी पैठ बिठाने के लिए बाबा ने हमलावर तरीका अपना लिया है। कांग्रेस के खिलाफ अभियान चला रहे बाबा रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी पर रामबाण छोड़ने शुरु कर दिए है।
बाबा मानते हैं 2014 के लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार और कालाधन ही मुख्य मुद्दा अहम होगा और इसी मुद्दे को आधार बनाकर को सोनिया गांधी को हरा देंगे। बाबा ने ऐलान किया है कि सोनिया गांधी को हराने के लिए वह खुद रायबरेली में डेरा डालेंगे और उन्हें हराकर ही दम लेंगे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए भविष्यवाणी करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि यूपी में कांग्रेस को 10 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। दरअसल बाबा इन दिनों यूपी दौरे पर है।

हाल ही में लखनऊ के संत आशुदाराम आश्रम में आयोजित भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के प्रांतीय युवा भारत कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने आए बाबा रामदेव ने कांग्रेस पर तीर चलाएं। बाबा ने कांग्रेस को व्यक्तिवादी सोच के लिए जमकर कोसा और कहा कि कि देश में दुष्कर्म, हत्या, लूट एवं भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसका खामियाजा उसे चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जहां उन्होंने सोनिया को हराने का प्रण किया तो वहीं युवराज राहुल गांधी को अयोग्य घोषित करते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ बातें करना जानते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उनकी राह में बाबा रामदेव और नरेंद्र मोदी खड़े हो गए हैं।
जहां एक ओर बाबा कांग्रेस की पोल खोल रहे थे तो वहीं दूसरी ओर वो मोदी के तारिफों की पुल बांधते नजर आ रहे थे। मोदी की तारीफ करते हुए रामदे ने कहा कि नरेंद्र मोदी संवेदनशील हैं और कांग्रेस से मुकाबला करने की क्षमता केवल मोदी में ही है। सत्ता परिवर्तिन की चाह रखने वाले बाबा रामदेव ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठकें जुलाई से देशभर में चल रही हैं, जिसमें गांव व बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने का कार्य प्रगति पर है। इसके बाद सितम्बर माह से सत्ता व व्यवस्था परिवर्तन के लिए योगी दीक्षा व राष्ट्र निर्माण यात्रा शुरू की जाएगी, जो आगामी लोकसभा चुनाव तक जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications