OMG: अब पानी की जगह पियेंगे पसीना
लंदन। क्या आप पसीने से अपनी प्यास बुझा सकते हैं? पहले तो यह सवाल ही आपको निरर्थक लग सकता है लेकिन अब ऐसा हो सकता है, जब आपको अपने पसीने से ही प्यास बुझाने के लिए ऐसा शुद्ध पानी दिया जायेगा जो कि नल के पानी से भी ज्यादा शुद्ध होगा। जी हां, स्वीडन में एक ऐसी मशीन बनाई गई है जो पसीने से तर-बतर कपड़ों की नमी को सोखकर उसे पीने के शुद्ध पानी में परिवर्तित कर सकती है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, मशीन के द्वारा उत्पन्न गर्मी कपड़े से पसीने के कणों को सोख लेगी और उसके बाद वाष्प को एक विशेष प्रकार की झिल्ली से गुजारा जाएगा, जिसे विशेष रूप से पानी के कणों के गुजरने के लिए बनाया गया है। साथ ही यह दावा भी किया जा रहा है कि यह पसीने से बना पानी नल के पानी से ज्यादा शुद्ध होगा। मशीन के निर्माताओं के अनुसार, गोथेनबर्ग शहर में अब तक 1,000 से ज्यादा लोग इस मशीन का पानी पी चुके हैं।

मशीन के निर्माता एंड्रियास हैमर ने बीबीसी को बताया कि पसीने से पीने का पानी निकालने के लिए विशेष आसवन तकनीक अपनाई जाती है। इस मशीन का निर्माण यूनिसेफ के एक कार्यक्रम के समर्थन के लिए किया गया है, जिसका मकसद इस तथ्य को उजागर करना है कि दुनियाभर में 78 करोड़ लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पाता है।
ऐसे में यह एक अजीब सी बात होगी जब हम अपने ही पसीने से बने पानी का अपनी प्यास बुझाने के लिए इस्तेमाल करेंगे, मतलब अब मानव शरीर से निकला पानी भी बेकार नहीं जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications