विधायकों की बदमिजाज़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे अखिलेश
लखनऊ। सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने बलिया जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र से विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी को अपनी ही पार्टी की सरकार की आलोचना करने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह में स्थिति स्पष्ट करने को कहा। कैबिनेट मंत्री एंव सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मीडिया के जरिए राज्य सरकार के कामकाज पर टीका-टिप्पणी करने से पार्टी की छवि खराब होती है। प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधायक रिजवी से एक सप्ताह में जवाब देने को कहा है।
कानून व्यवस्था पर टिप्पणी कर सरकार की आलोचना करने वाले औरैया के विधूना क्षेत्र के विधायक प्रमोद गुप्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कारवाई के बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधायक रिजवी पर सख्त रुख दिखाकर ये स्पष्ट कर दिया कि वह सरकार का आलोचना करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उल्लेखनीय है शुक्रवार को विधूना क्षेत्र के विधायक प्रमोद गुप्ता द्वारा प्रदेश सरकार के कामकाज की मीडिया के समक्ष आलोचना की गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए अखिलेश ने विधायक प्रमोद गुप्ता को बर्खास्त कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications