राहुल को प्रधानमंत्री के रूप में देखकर खुशी होगी : मनमोहन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखकर उन्हें खुशी होगी।राहुल गांधी को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को मेरी जिम्मेदारी लेते देखकर खुश होऊंगा।"
राष्ट्रपति भवन में सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल आठ नए मंत्रियों द्वारा शपथ ग्रहण करने के बाद मनमोहन सिंह ने पत्रकारों से कहा कि उनका हमेशा से विश्वास रहा है कि राहुल गांधी में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का नेतृत्व करने की क्षमताएं हैं।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में गोवा में नरेंद्र मोदी को आगामी आम चुनाव के मद्देनजर पार्टी की चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया। मोदी पर पूछे गए सवाल के जवाब में मनमोहन सिंह ने कहा, "वह (मोदी) हमारे लिए कोई खतरा नहीं हैं। देश की जनता जानती है कि मोदी की छवि कैसी है।"देश की जनता ने मोदी के बारे में अपना धारणा पहले से बना ली है।
वर्ष के आखिर में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में आठ वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया। इस बदलाव को हालांकि खास प्रभावी नहीं माना जा रहा है, क्योंकि नए चेहरों में युवा नहीं, बल्कि वरिष्ठतम को मंत्रिमंडल में लाया गया है।
आम चुनाव में भी एक वर्ष से कम का समय रह गया है, इसीलिए मनमोहन सिंह ने प्रत्यक्षत: सुरक्षित रास्ता अपनाते हुए सिर्फ उन लोगों को मंत्रिमंडल में लाया है जिनका पार्टी के भीतर रिकॉर्ड बेहतर रहा है।
सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए आठ मंत्रियों में सबसे युवा मंत्री की उम्र 59 वर्ष है, जबकि राजस्थान के वरिष्ठ नेता 86 वर्षीय शीश राम ओला सबसे बुजुर्ग नेता हैं। अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस युवा चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह देगी लेकिन सभी अटकलें खारिज हो गईं। संप्रग-2 के कार्यकाल में यह चौथा बड़ा फेरबदल है।
मंत्रिमंडल में शामिल किए गए सभी मंत्रियों को सोनिया गांधी का विश्वासपात्र माना जा रहा है, जबकि उम्मीद थी कि राहुल गांधी की कोर टीम में से कुछ लोगों को शामिल किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications