सिद्धारमैया के मंत्रिमंडल में 28 मंत्री बदलेंगे कर्नाटक की सूरत
बेंगलुरू। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और 28 मंत्रियों को शामिल किया। पांच दिनों पुरानी सिद्धारमैया सरकार में शामिल 28 मंत्रियों में से 20 को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, जबकि शेष राज्य मंत्री होंगे।कर्नाटक के राज्यपाल हंस राज भारद्वाज ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सिद्धारमैया ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य में नौ साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी है।
कैबिनेट मंत्रियों में शामिल हैं : आर. वी. देशपांडे, शमानूर शिवशंकरप्पा, टी. बी. जयचंद्र, रामलिंगा रेड्डी, प्रकाश हुक्के री, कमरुल इस्लाम, एच. के. पाटील, वी. श्रीनिवास प्रसाद, एच. सी. महादेवप्पा, एच. एस. महादेवा प्रसाद, के. जे. जॉर्ज, विनय कुमार सोराके, रामनाथ राय, बाबूराव चिंचनासुर, एम. एच. अम्बरीश, शिवराज थंगाडागी, यू. टी. खादर, एम. बी. पाटील, सतीश झारकिहोली और एच. अंजानेया।
राज्य मंत्रियों में शामिल हैं : दिनेश गुंडू राव, कृष्णा बाइरेगौड़ा, एस. पी. रुद्रप्पा पाटील, के. अभय चंद्र जैल, उमाश्री, टी. परमेश्वर नाइक, संतोष लाड और किम्माने रत्नाकरा। कन्नड़ फिल्मों की जानी मानी अभिनेत्री उमाश्री, सिद्धारमैया मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला मंत्री हैं। उम्मीद की जा रही है कि सिद्धारमैया शनिवार को ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर देंगे। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में पांच स्थान रिक्त रखे हैं।
मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 34 मंत्री हो सकते हैं। दरअसल, संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, किसी भी राज्य में विधानसभा की कुल सीटों की संख्या का 15 प्रतिशत ही मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इस लिहाज से 225 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के 15 प्रतिशत सदस्यों की संख्या 34 ठहरती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications