पाकिस्‍तान: नवाज शरीफ का पीएम बनना लगभग तय

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के आम चुनाव में जीत की ओर अग्रसर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख, नवाज शरीफ की 14 साल बाद सत्ता में वापसी लगभग तय है। दो बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके नवाज की यह तीसरी पारी होगी।आम चुनाव के हालांकि अभी पूरे परिणाम सामने नहीं आए हैं, लेकिन पीएमएल-एन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। नवाज ने इसके लिए लोगों का शुक्रिया अदा किया और भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान उन्होंने तथा उनकी पार्टी के नेताओं ने जो वादे किए थे, वे पूरे किए जाएंगे।

नेशनल असेम्बली की 342 सीटों में से 268 पर चुनाव हुए हैं, जिनमें से 152 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें 86 पर जीत हासिल करके पीएमएल-एन सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि 21 सीटें जीतकर पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ दूसरे नंबर पर है।

Nawaz

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) को महज 15 सीटें मिली हैं और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अन्य में नौ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जबकि आठ सीटें मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट, चार सीटें जेयूआई-एफ, दो-दो सीटें जमात-ए-इस्लामी तथा पख्तूनख्वा मिल्ली अवामी पार्टी और पांच अन्य के खाते में गई हैं। नेशनल असेम्बली की 60 सीटें महिलाओं और 10 गैर-मुसलमानों के लिए आरक्षित हैं।

तालिबान ने हालांकि लोगों को मतदान में हिस्सा नहीं लेने के लिए फरमान जारी किया था, लेकिन तालिबानी फरमानों तथा बम विस्फोटों को दरकिनार कर लोगों ने शनिवार को बड़े पैमाने पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पाकिस्तान की नेशनल असेम्बली तथा चार विधानसभाओं की 728 सीटों के लिए एक साथ हुए मतदान के दौरान करीब 60 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

चुनाव परिणामों में पार्टी को मिली स्पष्ट बढ़त से उत्साहित नवाज (63) ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि चुनाव अभियान के दौरान मैंने और मेरी पार्टी के नेताओं ने जो भी वादे किए थे, वे पूरे किए जाएंगे।"

समाचार एजेंसी ऑनलाइन के अनुसार, नवाज ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को मौजूदा संकट से निकालकर इसे एक शांतिपूर्ण व समृद्ध देश बनाएंगे। उन्होंने कहा, "हम नेशनल असेम्बली में पूर्ण बहुमत हासिल करना चाहते हैं, ताकि हमें सरकार गठन के लिए विभिन्न दलों के समर्थन का मोहताज न होना पड़े, क्योंकि गठबंधन सरकारें ठीक से काम नहीं करतीं।"

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह सभी राजनीतिक दलों की बैठक बुलाएंगे और गरीबी, महंगाई, बिजली की कटौती, बेरोजगारी तथा अन्य समस्याओं से निपटने के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करेंगे। पीएमएल-एन प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी पूरे उत्साह से काम करेगी और एक नए पाकिस्तान का निर्माण करेगी, जो मजबूत व समृद्ध होगा। उनके छोटे भाई शाहबाज शरीफ ने केवल इतना कहा, "नवाज आपके प्रधानमंत्री होंगे और मैं आपका सेवक।"

इससे पहले नवाज नवंबर 1990 से जुलाई 1993 तक और फरवरी 1997 से अक्टूबर 1999 तक दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे थे। लेकिन दोनों बार उनकी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई। तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल परवेज मुर्शरफ ने वर्ष 1999 में नवाज की सरकार का तख्ता पलट दिया था। इसके बाद वह निर्वासन में सऊदी अरब चले गए, जहां से वह नवंबर 2007 में स्वदेश लौटे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+