मनमोहन ने इशारों में कहा- मैं नहीं सोनिया हैं पीएम
बैंगलोर (अजय मोहन)। पिछले 9 साल से पूरा देश कहता आ रहा है, कि दिल्ली में सरकार मनमोहन नहीं, सोनिया मैडम चला रही हैं। मनमोहन तो सिर्फ एक रोबोट हैं। ये शब्द हमारे पीएम को चुभते जरूर होंगे, लेकिन है तो कड़वी सच्चाई ही। और आज इस सच्चाई को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कर्नाटक में रैली के दौरान खुद बयां कर दिया। उन्होंने माना कि केंद्र में चल रही यूपीए सरकार उनके नहीं, सोनिया गांधी के नेतृत्व में चल रही है। यानी इशारों-इशारों में उन्होंने कह दिया कि मैं नहीं, सोनिया गांधी पीएम हैं।
सबसे पहले हम आपको बताते हैं आखिर मनमोहन ने कहा क्या? उन्होने अपने भाषण के बीच कहा- "पिछले 9 साल में श्रीमती सोनिया गांधी की अगुवाई में केंद्र में यूपीए सरकार ने अब तक सफलतापूर्वक शासन किया है?" पूरे भाषण में उन्होंने भाजपा के खिलाफ कई बातें कहीं, लेकिन इस बात ने उन्हीं की गुगली कर दी। आप सोच सकते हैं, कि उस देश का क्या हो, जिस देश का प्रधानमंत्री खुद कहे कि मेरी नहीं मैडम की अगुवाई में यह सरकार चल रही है। क्या बराक ओबामा ने कभी ऐसी कोई बात कही? कभी नहीं! अरे अमेरिका तो दूर, पड़ोसी पाकिस्तान में भी कभी ऐसा नहीं हुआ।
पीएम साहब से मेरे सवाल
बतौर आम आदमी मैं प्रधानमंत्री से कुछ सवाल पूछना चाहता हूं। ये सवाल कहीं और से नहीं, बल्कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिये प्रचार रैली के दौरान उन्होंने जो भाषण दिया, उसी पर आधारित हैं।
पीएम ने कहा- कर्नाटक में अपराध चरम पर है! यहां लोग असुरक्षित महसूस करते हैं।
मेरा सवाल- पीएम साहब आप तो दिल्ली में रहते हैं, आप ही बताइये, दिल्ली में ज्यादा बलात्कार होते हैं, या कर्नाटक में? बैंगलोर में रात के दस बजे भी महिलाएं बस में बैठकर सुरक्षित घर पहुंच जाती हैं, लेकिन दिल्ली में शाम 6 बजे के बाद एक डर हर लड़की के मन में रहता है। दिल्ली में तो कांग्रेस की सरकार है, तो वहां क्या वहां सब खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं?
पीएम ने कहा- प्रदेश में सूखा पड़ रहा है, लोग पानी के लिये तरस रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
मेरा सवाल- सूखा पड़ रहा है, क्योंकि पिछले साल बारिश अच्छी नहीं हुई। इसमें सरकार क्या कर सकती है। यही हाल महाराष्ट्र का भी है, क्या आपने यही शब्द कभी महाराष्ट्र में जाकर कहे?
पीएम ने कहा- मेरा वादा है कि कांग्रेस की सरकार, आपको भ्रष्टाचार मुक्त शासन देगी।
मेरा सवाल- आप वादा कैसे कर सकते हैं, जब केंद्र में आपके नेता घोटालों से ऊपर नहीं उठ पाये?
पीएम ने कहा- लोगों तक बिजली नहीं पहुंच रही है।
मेरा सवाल- दक्षिण भारत में कर्नाटक ऐसा राज्य है, जहां बिजली की किल्लत सबसे कम है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल में समस्या अभी भी जटिल है। खैर क्या आपने यूपी का हाल देखा, जहां कई शहरों को तो दिन में 2 घंटे ही बिजली मिलती है। क्या आपने वहां जाकर ऐसी कोई बात कही? शायद कहेंगे भी नहीं, क्योंकि वरना मुलायम सिंह यादव आपकी सरकार हिला कर रख देंगे।
पीएम ने कहा- मुझे पता चला कि हाल ही में कर्नाटक सरकार ने निजी विश्वविद्यालय खोलने की अनुमति प्रदान की, जिसमें जमकर पैसा खाया। मुझे इस बात का अफसोस है।
मेरा सवाल- पहली बात आप प्रधानमंत्री हैं इस देश के, जैसे ही आपको पता चला कि भ्रष्टाचार हुआ है, तो आपने तुरंत ऐक्शन क्यों नहीं लिया। क्या आपकी एक कॉल पर कर्नाटक पुलिस ऐक्श नहीं लेती? चलिये कर्नाटक पुलिस कर्नाटक में भाजपा सरकार के अधीन है, यूजीसी (यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन) या एआईसीटीई तो किसी के अधीन नहीं, अगर आप एक फोन करके यूजीसी के चेयरमैन से कह देते कि इसमें भ्रष्टाचार हुआ है, तो विश्वविद्यालय खुलना तो दूर मान्यता तक नहीं मिलती।
पीएम ने कहा- पिछले 9 साल में श्रीमती सोनिया गांधी की अगुवाई में केंद्र में यूपीए सरकार ने अब तक सफलतापूर्वक शासन किया है?
मेरा सवाल- पीएम साहब, जब आप खुद मानते हैं कि आप देश के लीडर नहीं हैं, तो खुलकर कह क्यों नहीं देते। कम से कम विपक्षी दल यह तो नहीं कहेगा- "मनमोहन सरकार घोटालों की सरकार", तब उनके शब्द होंगे "सोनिया सरकार घोटालों की सरकार"।
अगर आप मेरे इन सवालों से सहमत हैं, तो इस खबर को जरूर शेयर करे, ताकि देश का हर व्यक्ति अपना सवाल रख सके।













Click it and Unblock the Notifications