सचिन के भक्तों ने हनुमान जयंती पर किया बजरंगबली का अपमान
बेंगलूरु। सचिन तेंदुलकर के 40वें जन्मदिन पर जहां देश-दुनिया से उन्हें बधाईयां मिल रही थीं, वहीं इलाहाबाद में कुछ ऐसा हुआ, जिससे हिन्दू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंच गई। इलाहाबाद में कुछ लोगों ने बजरंग बली की फोटो पर सचिन का चेहरा लगाया और पूजन शुरू कर दिया। भावनाएं आहत इसलिये हुईं, क्योंकि यह सब हनुमान जयंती की पूर्वसंध्या पर हुआ। हमने जब फेसबुक पर यह तस्वीर डाली, तो लोगों की तीखी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गईं। लोगों ने कहा कि यह बजरंग बली का अपमान है।
हिन्दू कैलेंडर के अनुसार 25 अप्रैल को हनुमान जयंती है और उससे ठीक एक दिन पहले यानी 24 को लोगों ने हनुमान जी के पोस्टर के साथ खिलवाड़ किया। हमने जब इस संबंध में लोगों से बात चीत की, तो अलग-अलग प्रतिक्रियाएं मिलीं। लखनऊ के शिया पीजी कॉलेज में शिक्षक डा. तरुण कांत त्रिपाठी ने कहा कि सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के भगवान हो सकते हैं, लेकिन हिन्दू धर्म के देवताओं से उनकी तुलना करना गलत है। हमारे आराध्या भगवान की तस्वीर में उनका चेहरा हटा कर सचिन तेंदुलकर की फोटो लगाना भगवान का अपमान है। ऐसे कृत्यों के खिलाफ कानून बनाया जाना चाहिये।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य एवं बैंगलोर के निवासी फौलाल मुलारिया ने फेसबुक के माध्यम से इस तस्वीर का विरोध जताया और कहा कि इसमें लोग नहीं कुछ शैतान मीडिया वालों की करतू है यह, वरना आज हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर बजरंगबली का अपमान, हिन्दू समाज नहीं सहेगा।
धारवाड़ के दत्तात्रेय चिल्लाल ने भी इस तस्वीर पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह हिन्दुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। सचिन हों चाहे कोई राज नेता, इस तरह भगवान की तस्वीर पर किसी का चेहरा लगाना गलत है।
इस पर लखनऊ ब्राह्मण मंच से जुड़े शिवलाल शुक्ल ने कहा कि ऐसा करना गलत तो है, लेकिन किया भी क्या जा सकता है, जब मध्य प्रदेश में कांग्रेसी सोनिया गांधी को दुर्गामां का रूप देते हैं, राजस्थान में वसुंधरा राजे को दुर्गा मां का रूप दिया जाता है, तब राजनीतिक पार्टियों को कोई नहीं रोकता अब आम जनता को आप कैसे रोकेंगे।













Click it and Unblock the Notifications