दिल्ली लाये जायेंगे सूडान में शहीद हुए 5 भारतीय सैनिकों के शव
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दक्षिणी सुडान में एक मुठभेड़ के दौरान पांच भारतीय शांति सैनिकों की शहदात पर बुधवार को शोक प्रकट किया। ये शांति सैनिक संयुक्त राष्ट्र के एक दल को सुरक्षा मुहैया करा रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला किया गया। प्रधनमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, प्रधानमंत्री ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के पांच भारतीय सदस्यों मारे जाने पर दुख प्रकट किया है। पीएमओ ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा है, मैं अपने बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि देता हूं।
वहीं, विदेश मंत्रालय ने कहा है कि लड़ाई में घायल हुए चार सैनिकों को उपचार के लिए युगांडा ले जाया गया है। विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता सयद अकबरुद्दीन ने ट्विटर पर लिखा है, घायल भारतीय शांति सैनिकों को युगांडा ले जाया गया है। कंपाला स्थित भारतीय मिशन सभी तरह की चिकित्सा सहायता मुहैया करा रहा है।

वहीं जानकारी यह भी है कि इस हमले में मारे गये सैनिकों का शव आज रात दिल्ली लाया जायेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद सैनिकों के नाम हैं लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह, नायब सूबेदार शिव कुमार पाल, हवलदार हीरा लाल, हवलदार भरत सासमल और लांस नायक नंदकिशोर जोशी। हमले में चार अन्य लोग भी घायल हो गए। उल्लेखनीय है कि सूडान में दो बटालियनों में भारत के लगभग 2200 सैनिक तैनात हैं।
इनमें से एक बटालयिन जोंगलेई और अन्य बटालियन सूडान की सीमा से लगे मलाक्कल में तैनात है। जुलाई, 2011 में स्वतंत्र होने के बाद से दक्षिण सूडान में नस्ली हिंसा जारी है। यहां की पिबोर काउंटी में सबसे अधिक हिंसा होती है। यह संयुक्त राष्ट्र शांति सेना का मुख्य गढ़ है। इस सेना में काफी बड़ी संख्या में भारतीय सैनिक भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications