दिल्ली सुरक्षित नहीं इसलिये लौट रही हूं कोलकाता: ममता बनर्जी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि हालांकि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है और चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में रहने की सलाह दी है, इसके बावजूद वह कोलकाता लौट रही हैं, क्योंकि दिल्ली सुरक्षित नहीं है। दिल्ली में मंगलवार को स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करने के अगले दिन ममता ने संवाददाताओं से कहा, मैं लौट रही हूं। मैं पूरी रात ऑक्सीजन पर थी। चिकित्सकों ने मुझे अस्पताल में रहने की सलाह दी है, लेकिन मैं अस्पताल नहीं जाना चाहती। मैं फिर आ जाऊंगी... दिल्ली सुरक्षित नहीं है।
ममता ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदम्बरम के साथ अपनी मुलाकात रद्द कर दी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मंगलवार को नहीं मिल पाने के लिए माफी मांगी। ममता और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा मंगलवार को जब योजना आयोग जा रहे थे तो एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की थी। उधर, इस घटना से नाराज तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन किया। लेकिन ममता ने कहा, मेरी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह शांत हैं। वे बहुत भावुक हैं, लेकिन मेरी बात सुनते हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने मंगलवार की घटना में किसी का हाथ होने की आशंका जताते हुए कहा कि पुलिस ने उन्हें योजना आयोग के दफ्तर नहीं जाने दिया। उन्होंने कहा, दरवाजा बंद था। मैंने पुलिस से कहा कि हम योजना आयोग एक बैठक के लिए आए हैं। लेकिन पुलिस ने कहा कि उनके पास चाबियां नहीं है और इसलिए मैं अंदर नहीं जा सकती। वामपंथी दलों ने हालांकि मंगलवार की घटना की निंदा की है, लेकिन ममता ने इसे वामपंथियों का पाखंड करार दिया। उन्होंने कहा कि वाम दलों के शासन के दौरान पश्चिम बंगाल में अधिक राजनीतिक संघर्ष हुए। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications