गर्म हुई राजनीति: कल इस्तीफा, आज सीबीआई छापा, फिर सॉरी
चेन्नई। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) से अलग होने की घोषणा के दो दिन बाद पार्टी नेता एमके स्टालिन के घर में गुरुवार सुबह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी से राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय वित्तमंत्री पी. चिदंबरम जहां इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं, वहीं डीएमके प्रमुख एम करुणानिधि ने रहस्यात्मक ढंग से कहा कि यह राजनीतिक या गैरराजनीतिक कार्रवाई हो सकती है। इस बीच, इस कार्रवाई रद्द किए जाने की खबर पर गुप्तचर विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि छापेमारी समाप्त हो गई है लेकिन उसे रद्द नहीं किया गया है।
चिदंबरम ने नई दिल्ली में कहा, आम तौर पर मैं किसी दूसरे विभाग (गृह मंत्रालय) के काम पर टिप्पणी नहीं करता, लेकिन इस मामले में मुझे कहना पड़ रहा है कि मैं सीबीआई की कारवाई की कड़ी निंदा करता हूं। इससे गलतफहमी पैदा होगी। इस बीच, नाराज स्टालिन ने पत्रकारों से कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक लड़ाई के अंतर्गत की जा रही है और वह हर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं। उनके पिता करुणानिधि ने हालांकि, बाद में कहा, सामान्यत: डीएमके के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक लड़ाई के अंतर्गत की जाती है और यह राजनीतिक या गैरराजनीतिक भी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इस छापे के विरोध में आए विभिन्न नेताओं के बयान से वह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई से प्रेरित कार्रवाई न सिर्फ केंद्र, बल्कि तमिलनाडु में भी होती है। सीबीआई हालांकि इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि स्टालिन के बेटे उदयनिधि द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हम्मर कार के आयात के संदर्भ में यह कार्रवाई की गई है। माना जा रहा है कि सीबीआई ने यह मामला दिल्ली में दर्ज किया है और कारों के आयात और सीमा शुल्क की अदायगी के संबंध में छापा मारा गया है। विदेशी कारों पर आयात कर अदा न किए जाने के संबंध में तमिलनाडु के 10 से अधिक व्यवसायियों और स्टालिन के दोस्त राजा शंकर के घर पर भी छापा मारा गया है।
इस घटना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को संप्रग सरकार के खिलाफ एक और हथियार दे दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने संसद के बाहर कहा, यह सहयोगी दलों के लिए संदेश है कि जो एमके स्टालिन के घर में हुआ, वह आपके साथ भी हो सकता है। कांग्रेस सीबीआई के गलत इस्तेमाल के लिए जानी जाती है। सीबीआई कांग्रेस ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन बनकर रह गई है। भाजपा नेता राजीव प्रताप रूड़ी ने एक निजी समाचार चैनल से कहा, यह बात साबित हो चुकी है कि (संप्रग) सरकार सत्ता में बने रहने के लिए सीबीआई का गलत इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा, जब सहयोगी दल उनसे अलग हो रहे हैं, तब वह अपने अधिकार का प्रयोग उनके खिलाफ कर रही है। यह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) को साफ संदेश है कि अगर वे सरकार का साथ छोड़ेंगे तो उन पर भी ऐसी ही कारवाई की जाएगी। यह एक अस्पष्ट धमकी है। स्टालिन, करुणानिधि के परिवार के तीसरे सदस्य हैं। सीबीआई उनसे पूछताछ कर रही है। इससे पहले 2011 में उनकी मां दयालु अम्मल और बहन कनिमोझी से पूछताछ की गई थी। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications