बिहार के लिए नीतीश थामेंगे कांग्रेस का हाथ!
नई दिल्ली। रविवार को हुयी बिहार सीएम नीतीश कुमार की अधिकार रैली में भारी जन सैलाब देखने को मिला। लोगों ने जमकर नीतीश कुमार की वाहवाही की।नीतीश कुमार ने अपनी अधिकार रैली में बार-बार बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की बात कही।
जिसके लिए वो आज शाम 4:30 बजे देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलेंगे। वैसे पीएम से मिलने से पहले वो सुबह 10: 45 पर योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया से और उसके बाद 11:45 बजे वह वित्तमंत्री पी. चिदंबरम से भी मुलाकात करेंगे।
नीतीश कुमार की अधिकार रैली के कई राजनीतिक मतलब निकाले जा रहे हैं। नीतीश कुमार की रैली और पीएम से होनी वाली मुलाकात से भाजपा में खलबली मची हुई है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
नरेंद्र मोदी को ना पसंद करने वाले जेडीयू के कद्दावर नेता नीतीश कुमार का यह कदम भाजपा के लिए मुश्किल का सबब बन सकता है। पिछले महीने यूपीए की आम बजट की तारीफ करके ही नीतीश कुमार ने यह बताने की कोशिश की थी कि वो भाजपा से खासे खुश नहीं हैं।
वैसे भी नीतीश कुमार ने बिहार राज्य को विशेष दर्जा दिलाने वाले का साथ देने की बात की है, जिेसे कांग्रेस भी बखूबी जानती है और शायद इसी कारण वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने अपने आम बजट में भी बिहार के विशेष राज्य वाली बात का जिक्र किया थी औऱ नीतीश कुमार को अपनी ओर करने की कोशिश की है।अगर ऐसा होता है तो यह भाजपा के लिए खतरे की घंटी है क्योंकि फिर बिहार से उसे हाथ धोना पड़ सकता है क्योंकि जितना ऊंचा कद मोदी का गुजरात में हैं उतना ही नीतीश कुमार का बिहार में है। अगर भारत के मानचित्र में मोदी के गुजरात की महक है तो वहीं नीतीश का बिहार भी अब मुस्कुराने लगा है। ऐसे में अगर नीतीश कुमार का साथ भाजपा से छूटता है तो यह उसके लिए बड़ा नुकसान और कांग्रेस का बड़ा फायदा होगा। जिसे पाने के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है।













Click it and Unblock the Notifications