महाकुंभ मेले में आग, एक की मौत
संगम (इलाहाबाद)। महाकुंभ मेले के एक शिविर में गुरुवार देर रात आग लग जाने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। हादसा मेला क्षेत्र में स्थित सेक्टर-चार के माहेश्वर शिविर में हुआ जब देर रात टेंट के पास खड़ी कार में लगी और कुछ ही देर में यह फैल गई। आग की गिरफ्त में आए 10 से ज्यादा टेंट जलकर खाक हो गए।
इलाहाबाद के मंडलायुक्त देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि आग में जलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक झुलस गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मेला अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजहों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि विगत 25 जनवरी को महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर बारह के एक शिविर में आग लग गई थी जिसमें 19 श्रद्धालु घायल हो गए थे।
तीर्थराज प्रयाग में चल रहे महाकुंभ मेले में शुक्रवार को वसंत पंचमी के शाही स्नान के लिए संगम तट पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं का सैलाब देखा जा रहा है। महाकुंभ मेले के इस चौथे शाही स्नान पर एक करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है। तड़के से ही संगम में स्नान के लिए बनाए गए 22 घाटों पर जनसैलाब देखा जा रहा है। श्रद्धालु जय गंगा मैया और हर-हर महादेव के नारे लगाते हुए डुबकी लगा रहे हैं।
स्नान का नेतृत्व नागा साधुओं ने किया। सबसे पहले महानिर्वाणी अखाड़े ने स्नान किया। इसके बाद अटल और फिर जूना अखाड़े को स्नान करना है। फिर संन्यासी अखाड़ा, उसके बाद वैरागी अखाड़ा और फिर उदासीन अखाड़ा के सदस्य डुबकी लगाएंगे। इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के कारण नागा साधुओं की पेशवई में सादगी बरती जा रही है। पेशवई में ढोल-नगाड़ों से परहेज किया जा रहा है। आमतौर पर ढोल-मंजीरा बजाकर और अपने शस्त्र लहराते हुए नागा साधु स्नान के लिए अखाड़ों से निकलते हैं।
मेला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक 30 लाख से अधिक श्रद्धालु, साधु-संत और धर्माचार्य डुबकी लगा चुके हैं। प्रशासन ने दिनभर में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद जताई है। महाकुंभ के इस चौथे शाही स्नान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अरुण कुमार ने कहा कि पूरे मेले में तैनात केंद्रीय अर्ध सैनिक बल, राज्य पुलिस, प्रांतीय शस्त्र बल, होमगार्ड के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं। साथ ही जल पुलिस के जवान भी घाटों पर तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ हेलीकॉप्टर से मेले के कोने-कोने की निगरानी की जा रही है।
मकर संक्रांति से शुरू हुआ महाकुंभ मेला आगामी 10 मार्च तक चलेगा। इलाहाबाद में महाकुंभ मेला 12 साल बाद लगा है। इससे पहले यहां वर्ष 2000 में महाकुंभ मेला लगा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications